नई दिल्ली
टाटा संस के पूर्व चेयरमैन और बिजनेसमैन साइरस मिस्त्री का एक कार दुर्घटना में निधन हो गया है. मुंबई के पास पालघर में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई. साइरस मिस्त्री और चार अन्य लोग पालघर की ओर जा रहे थे, तभी उनकी कार दुर्घटना का शिकार हो गई. उनकी कंपनी के निदेशक ने उनकी मौत की पुष्टि की है.
आयरलैंड में हुआ था जन्म
54 वर्षीय साइरस मिस्त्री भारतीय मूल के सबसे सफल और ताकतवर कारोबारियों में से एक पलोनजी शापूरजी मिस्त्री के बेटे थे. साइरस मिस्त्री का जन्म आयरलैंड में हुआ था. उन्होंने लंदन बिजनेस स्कूल से पढ़ाई की थी. साइरस ने परिवार के पलोनजी ग्रुप में 1991 में काम करना शुरू किया था.
2012 में बने थे टाटा संस के चेयरमैन
साल 2006 में पालोनजी मिस्त्री के सबसे छोटे बेटे साइरस मिस्त्री टाटा संस के साथ जुड़े थे. इसके बाद दिसंबर 2012 में रतन टाटा की जगह टाटा संस का चेयरमैन बनाया गया था. टाटा संस के चेयरमैन बनाए जाने के 4 साल बाद 2016 में उन्हें अचानक पद से हटा दिया गया था .

