13.7 C
London
Thursday, June 4, 2026
Homeखेलशनाका का शतक बेकार, विराट कोहली की पारी के बाद गेंदबाजों के...

शनाका का शतक बेकार, विराट कोहली की पारी के बाद गेंदबाजों के दम पर जीता भारत

Published on

गुवाहाटी

भारत ने श्रीलंका (IND vs SL) के खिलाफ जीत के साथ वर्ल्ड कप के साल की शुरुआत की है। गुवाहाटी में खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच को भारत ने 67 रनों से अपने नाम किया। विराट कोहली के 45वें शतक की मदद से भारत ने पहले खेलते हुए 7 विकेट पर 373 रन बनाए। कोहली ने 87 गेंदों पर 113 रनों की पारी खेली। जवाब में श्रीलंका की टीम 306 रन ही बना सकी। कप्तान दासुन शनाका ने शतक बनाया लेकिन वह टीम के काम नहीं आई। भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

विराट कोहली ने उठाया जीवनदान का फायदा
विराट कोहली ने दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए अपना 45वां शतक जड़ा। यह उनका लगातार दूसरे मैच में दूसरा शतक है। उन्होंने दूसरे छोर पर विकेटों के नियमित पतन के बीच 12 चौके और एक छक्का जड़ा। उन्हें 52 और 81 रन के स्कोर पर जीवन दान मिले जिसका फायदा उठाकर उन्होंने 45वां एकदिवसीय शतक पूरा किया। वह अब महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के विश्व रिकॉर्ड 49 शतक से सिर्फ चार शतक दूर हैं। कोहली के नाम पर अब 73 अंतरराष्ट्रीय शतक हो गए हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 27 जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक शतक जड़ा है।

रोहित-गिल ने दी दमदार शुरुआत
कप्तान रोहित शर्मा (67 गेंद में 83 रन, नौ चौके, तीन छक्के) ने फॉर्म में चल रहे इशान किशन और सूर्यकुमार यादव को नहीं खिलाने को लेकर हो रही आलोचना का जवाब देते हुए शुभमन गिल (60 गेंद में 70 रन, 11 चौके) के साथ मिलकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 143 रन जोड़े। सपाट पिच पर रोहित को श्रीलंका के तेज गेंदबाजों के खिलाफ कोई परेशानी नहीं हुई। भारतीय कप्तान ने कई पुल शॉट खेले और 41 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। गिल ने 51 गेंद में अपना पांचवां अर्धशतक पूरा किया।

दासुन शनाका ने गिल को आउट कर सलामी जोड़ी तोड़ी। शतक के सूखे को खत्म करने की कोशिशों में जुटे रोहित भी इसके बाद पदार्पण कर रहे दिलशान मदुशंका की गेंद पर बोल्ड हो गए। श्रीलंका के गेंदबाजों ने इसके बाद कुछ देर रन गति पर अंकुश लगाकर 400 रन से अधिक के स्कोर को भारत की जद से दूर किया। कोहली और श्रेयस अय्यर (28) ने रन गति में इजाफे का प्रयास किया। वह लय में दिखे और उन्होंने हसरंगा पर छक्का जड़ा लेकिन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे। केएल राहुल (39) भी अच्छी शुरुआत के बाद कासुन रजिता की गेंद पर बोल्ड हो गए। रजिता श्रीलंका के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 88 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

श्रीलंका के लिए शनाका का शतक
श्रीलंका के लिए कप्तान दासुन शनाका ने शतकीय पारी खेली। 179 रनों के स्कोर पर ही टीम के 7 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। लेकिन इसके बाद शनाका ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने चमिका करुणारत्ने के साथ 8वें विकेट के लिए 27 रन जोड़े। इसके बाद कसुन रजिता ने उनका साथ निभाया। उन्होंने मैच के आखिरी ओवर में मोहम्मद शमी की गेंद पर चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 88 गेंदों पर 108 रनों की पारी खेली। इस पारी में 12 चौके और तीन छक्के शामिल थे। 9वें विकेट के लिए रजिता और शनाका ने 100 रन जोड़े।

शुरुआत में भारत ने लिए लगातार विकेट
भारतीय टीम ने शुरुआत में श्रीलंका को एक के बाद एक झटके लिये। अविष्का फर्नांडो 5 रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। कुसल मेंडिस को सिराज ने खाता भी नहीं खोलने दिया। इसके बाद उमरान मलिक ने पथुम निसांका (72) और चरिथ असलंका को आउट किया। निसांका और धनंजया डि सिल्वा के बीच चौथे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी हुई। शमी ने धनंजया (47) को आउट कर साझेदारी तोड़ी। वानिंदु हसरंगा ने चहल के खिलाफ लगातार 3 गेंदों पर 16 रन बनाए लेकिन अगली ही गेंद पर आउट हो गए। भारत के लिए उमरान मलिक ने 3 और सिराज ने 2 विकेट लिये। पंड्या, शमी और चहल को एक-एक सफलता मिली।

Latest articles

ईडी की बड़ी कार्रवाई: पूर्व ईएनसी गोविंद मेहरा और आबकारी अधिकारी भदौरिया की 85.45 करोड़ की संपत्ति कुर्क

भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मप्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी डिजिटल और...

एम्स भोपाल में दुर्लभ सर्जरी सफल, एक ही ऑपरेशन में दो अलग-अलग कैंसर को किया खत्म

भोपाल। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल के डॉक्टरों ने जटिल कैंसर उपचार के...

भोपाल में अवैध कॉलोनियों पर फिर नोटिस कार्रवाई, तीन साल में 300 एफआईआर के बावजूद नहीं हुई एक भी गिरफ्तारी

भोपाल। भोपाल में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासनिक और नगर निगम की कार्रवाई एक...

एनएचएम के 32 हजार संविदा कर्मचारी हड़ताल पर, 8 जून को मुख्यमंत्री आवास घेराव की चेतावनी

भोपाल। मप्र में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत करीब 32 हजार संविदा...

More like this

गुजरात के गढ़ में आरसीबी की ऐतिहासिक जीत, पांच विकेट से जीता फाइनल; लगातार दूसरी बार चैंपियन

अहमदाबाद। रविवार को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में...

अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित; प्रिंस और गुरनूर को मिला मौका

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी...

भेल में अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रणालियों का उद्घाटन— ईडी ने किया शुभारंभ

भोपाल। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) भोपाल के कार्यपालक निदेशक (ईडी) पीके उपाध्याय ने...