नई दिल्ली
क्या आप जानते हैं कि दुनिया में सबसे ज्यादा अल्ट्रा अमीर लोग किस देश में रहते हैं? अल्ट्रा अमीर लोगों का मतलब उन रईसों से है जिनकी नेटवर्थ 3 करोड़ डॉलर यानी 2.63 अरब रुपये से ज्यादा है। अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी इकॉनमी है और वहीं ऐसे रईसों की संख्या सबसे अधिक है। अमेरिका में ऐसे लोगों की संख्या 225,077 है जिनकी नेटवर्थ 3 करोड़ डॉलर से अधिक है। वैसे दुनिया के टॉप 10 अमीरों में से नौ अमेरिका के हैं। इस लिस्ट में चीन दूसरे नंबर पर है। वहां हाल के वर्षों में लोगों की नेटवर्थ में काफी तेजी आई है। चीन में ऐसे लोगों की संख्या 98,551 है जिनकी नेटवर्थ 3 करोड़ डॉलर से अधिक है।
यूरोप की सबसे बड़ी इकॉनमी जर्मनी में ऐसे रईसों की संख्या 29,021 है जबकि कनाडा में 27,928 है। इस लिस्ट में फ्रांस पांचवें नंबर पर है। वहां ऐसे अल्ट्रा-रिच रईसों की संख्या 24,941 है जिनकी नेटवर्थ 3 करोड़ डॉलर से अधिक है। इसके बाद यूके (23,072), जापान (21,710), इटली (15,952), ऑस्ट्रेलिया (15,347) और स्विट्जरलैंड (14,734) का नंबर है। भारत इस लिस्ट में 11वें नंबर पर है। अपने देश में ऐसे लोगों की संख्या 13,269 है जिनकी नेटवर्थ 3 करोड़ डॉलर से अधिक है।
भारत से नीचे
स्पेन में 3 करोड़ डॉलर से अधिक नेटवर्थ वाले लोगों की संख्या 10,149 है। नीदरलैंड में यह संख्या 8,390, ताइवान में 7,640, साउथ कोरिया में 7,310, हॉन्ग कॉन्ग में 5,957, सिंगापुर में 4,783, स्वीडन में 4,125, न्यूजीलैंड में 2,587, नॉर्वे में 2,276, ऑस्ट्रिया में 2,167, तुर्की में 1,932, आयरलैंड में 1,890, इंडोनेशिया में 1,479, फिनलैंड में 1,269, थाईलैंड में 889, साउथ अफ्रीका में 835, पुर्तगाल में 800, मलेशिया में 754 और वियतनाम में 752 है।