नई दिल्ली
साइबेरिया में एक आर्थिक सम्मेलन में मुखर रूसी बिजनेसमैन ओलेग डेरिपस्का ने कहा कि रूस का खजाना एक साल के भीतर खत्म हो सकता है। उन्होंने कहा कि अब विदेशी निवेश की आवश्यकता है। रूसी बिजनेसमैन की यह टिप्पणी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा देश की अर्थव्यवस्था की प्रशंसा करने के बाद आई है।
अगले साल कोई पैसा नहीं होगा- रूसी बिजनेसमैन
रूस के स्वामित्व वाली समाचार एजेंसी TASS की रिपोर्ट के अनुसार बिजनेसमैन ने कहा, “अगले साल पहले से ही कोई पैसा नहीं होगा। हमें विदेशी निवेशकों की आवश्यकता है।” साथ ही रूसी बिजनेसमैन ने युद्ध को समाप्त करने का आह्वान किया।बिजनेसमैन ने कहा कि विदेशी निवेशकों, विशेष रूप से ‘दोस्ताना देशों’ को भी बड़ी भूमिका निभानी है। उन्होंने कहा कि विदेशी निवेश सही स्थिति बनाने और अपने बाजारों को आकर्षक बनाने की रूस की क्षमता पर निर्भर करेगा।
फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद से पश्चिमी देशों ने रूस पर 11,300 से अधिक प्रतिबंध लगाए हैं। साथ ही रूस के लगभग 300 बिलियन डॉलर के विदेशी भंडार को फ्रीज कर दिया है। हालाँकि चीन ने मशीनरी और बेस मेटल जैसे उत्पादों के पश्चिमी आपूर्तिकर्ताओं की जगह लेते हुए रूसी सरकार से ऊर्जा खरीदकर उसे राहत दिया दी है। फिर भी रूस को प्रतिबंधों के कारण खोए हुए निर्यात धन और आय के अन्य स्रोतों को फिर से प्राप्त करने से पहले एक लंबा रास्ता तय करना है।
रूस का आर्थिक उत्पादन पिछले साल 2.1 प्रतिशत गिर गया
सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार रूस का आर्थिक उत्पादन पिछले साल 2.1 प्रतिशत गिर गया। देश का राजस्व पिछले साल की तुलना में जनवरी में 35 प्रतिशत गिर गया, जबकि इसके व्यय में 59 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इससे लगभग 23.3 बिलियन डॉलर का बजट घाटा हुआ।शुक्रवार को प्रकाशित आंकड़ों के मुताबिक रूस से यूरोपीय संघ के आयात का मूल्य पिछले साल फरवरी और दिसंबर के बीच 51 प्रतिशत कम हो गया। 2020 में यूरोपीय संघ को अपने 38 प्रतिशत निर्यात के साथ रूस उसके प्रमुख व्यापारिक भागीदारों में से एक था। लेकिन रूस यूक्रेन युद्ध के बाद स्थिति ख़राब होती चली गई।
