भोपाल
रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर में चैत्र नवरात्रि पर्व श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्रि के सप्तमी दिवस पर माँ कालरात्रि की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना सम्पन्न हुई।
बुधवार प्रातः पंडित के मार्गदर्शन में यजमान वैभव उदगीर नामदेव एवं उनकी धर्मपत्नी अपर्णा उदगीर ने पूर्ण श्रद्धा के साथ माँ कालरात्रि का पूजन किया। इस दौरान मंदिर के गर्भगृह के मुख्य द्वार के ऊपर विराजमान माँ की दिव्य प्रतिमा का विशेष श्रृंगार और पूजन किया गया, जिससे पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बन गया। माँ कालरात्रि, माँ दुर्गा का सातवाँ स्वरूप हैं, जिन्हें “शुभंकरी” भी कहा जाता है।
मान्यता है कि उनकी आराधना से भय, अज्ञान और नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है तथा भक्तों को साहस, निर्भयता और सफलता का आशीर्वाद प्राप्त होता है। पूजा के दौरान गुड़, हलवा और जौ का भोग अर्पित किया गया तथा भक्तों ने “ॐ देवी कालरात्र्यै नमः” मंत्र का जाप कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं, महाष्टमी के अवसर पर गुरुवार को प्रातः माँ महागौरी की विशेष पूजा-अर्चना पंडित के सान्निध्य में यजमान जय सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा सम्पन्न की जाएगी। सायं 7:15 बजे माँ महागौरी की भव्य महाआरती आयोजित होगी, जिसमें क्षेत्र की महिलाएं अपने-अपने घरों से सुसज्जित आरती की थाल लेकर सामूहिक रूप से भाग लेंगी। महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
Read Also :- अशोका गार्डन और हमीदिया अस्पताल गोलीकांड: रिमांड खत्म होने पर आरोपियों को भेजा जेल
