भोपाल
राजधानी के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित घोड़ा निक्कास इलाके में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक नाले में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है और शरीर पर चोटों के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
लाल कपड़े से ढका था शव पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर घोड़ा निक्कास के पास स्थित नाले में राहगीरों ने एक शव देखा, जो लाल रंग के कपड़े से ढका हुआ था। सूचना मिलते ही हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस मृतका की शिनाख्त के लिए आसपास के इलाकों और थानों में संपर्क कर रही है।
होटल और लॉज खंगाल रही पुलिस हनुमानगंज इलाका रेलवे स्टेशन के बेहद करीब होने के कारण यहाँ बड़ी संख्या में बाहरी लोग रुकते हैं। इसी के मद्देनजर पुलिस ने मृतका के फोटो इलाके के सभी होटलों, लॉजों और सराय के संचालकों को भेजे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कहीं ठहरी तो नहीं थी। पुलिस का मानना है कि शिनाख्त होने के बाद ही मौत की असली वजह और घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।
CCTV फुटेज से सुराग की तलाश पुलिस ने घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि शव को वहां लाकर फेंका गया है या घटना स्थल पर ही कुछ हुआ था। शरीर पर मौजूद चोट के निशानों के कारण हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
Read Also :- बीएचईएल हरिद्वार नाम किया रोशन,‘शौर्य’ गुणता चक्र को राष्ट्रीय स्तर पर मिला प्रथम स्थान
