रतलाम। कोटा रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले रतलाम जिले के आलोट स्टेशन के पास तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के एसी कोच में आग लग गई। हादसा रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे कोटा मंडल के लूणीरीछा-विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ।
हादसे की खबर लगने के बाद कोटा रेल मंडल से राहत व बचाव टीम मौके के लिए रवाना हुई। जिस कोच में आग लगी उसमें 68 यात्री सवार थे। वहीं कुछ सेकेंड में ही आग पूरे कोच में फैल गई। आग लगने की सूचना गार्ड ने सबसे पहले लोको पायलट को दी, जिसके बाद ट्रेन रोकी गई और पैसेंजर्स को बाहर निकाला गया।
15 मिनट में खाली कराया कोच
जानकारी के मुताबिक आग लगने के बाद ट्रेन में मौजूद आरपीएफ स्टाफ व दूसरे लोगों ने तुरंत कोच से पैसेंजर्स की डि-बोर्डिंग शुरू की। करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली करा लिया गया। फिलहाल दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक को रोका गया है। ट्रेन का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया है। वहीं सूचना मिलते ही कोटा मंडल के सीनियर अधिकारी और टेक्निकल स्टाफ भी मौके पर पहुंच गए हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
सभी यात्री सुरक्षित
पश्चिम रेलवे के कोटा डिवीजन ने जानकारी देते हुए बताया, “तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस संख्या 12431 के लूणी रिच्छा (एलएनआर) और विक्रमगढ़ आलोट (वीएमए) के बीच किलोमीटर 729/02 (लोको) और 728/14-16 (एसएलआर) पर डाउन दिशा में ट्रेन के बी-1 कोच (एसएलआर छोर के पास) में आग लग गई। प्रभावित कोच के सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। किसी भी यात्री या रेलवे कर्मचारी को कोई चोट या हताहत नहीं हुआ। ”
आग लगने के कारणों की चल रही जांच
रेलवे की तरफ से आगे बताया गया, “ऑक्यूपाइड हीट एयर कंडीशनिंग (ओएचई) आपूर्ति तुरंत काट दी गई। प्रभावित बी-1 कोच को रैक से अलग कर दिया गया। रेलवे कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के काम में लगे हुए हैं। ट्रेन संख्या 12955 को महिदपुर रोड (एमईपी) पर रोक दिया गया है। यह सेक्शन जल्द ही खोल दिया जाएगा। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।”
राहत और बचाव कार्य जारी
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया, “आज सुबह 5:15 बजे तिरुवनंतपुरम से निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस की ट्रेन संख्या 12431 में आग लगने की सूचना मिली। यह घटना कोटा डिवीजन की ट्रेन के पिछले SLR और B1 कोच में हुई। आग लगते ही रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला, प्रभावित कोच को ट्रेन के बाकी हिस्से से अलग किया और दमकल विभाग, राज्य प्रशासन और रेलवे अधिकारियों को सूचित किया। त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई। आग पर लगभग पूरी तरह काबू पा लिया गया है।”
उन्होंने कहा, “दमकल विभाग की तीन इकाइयां, एम्बुलेंस और नागरिक प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और मिलकर काम कर रही हैं। रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और कोटा से अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था की जा रही है। ट्रेन का शेष हिस्सा 30 से 45 मिनट में रवाना होने की उम्मीद है, जिसके बाद पटरी की मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा। इस घटना के कारण दोनों दिशाओं में ट्रेनों के संचालन में कुछ बदलाव हुए हैं, जिससे लगभग 5 से 6 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी जानकारी के लिए रेलवे वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें।”
ये ट्रेनें रोकी गई
- 19020 हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को शामगढ़ में रोका गया
- 12416 नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस को सुवासरा में रोका गया
- 05017 स्पेशल ट्रेन को नाथु खेड़ी में खड़ा किया गया
- 12472 स्वराज एक्प्रेस को शामगढ़ में रोका गया
- 22210 हजरत निजामुद्दीन-मुंबई सेंट्रस दुरंतो एक्सप्रेस को चौमहला में खड़ा किया गया है
- 01492 हजरत निजामुद्दीन- पुणे स्पेशन ट्रेन को मोड़क स्टेशन पर खड़ा किया गया है
