लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक कोचिंग सेंटर में सोमवार को भीषण आग लग गई। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 3 महिलाएं और 12 पुरुष हैं। ज्यादातर स्टूडेंट्स हैं।
जिस बिल्डिंग में आग लगी, वह अलीगंज इलाके में है। बेसमेंट, ग्राउंड और पहले फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक है। दूसरे फ्लोर पर लर्निंग स्पेस नाम की लाइब्रेरी (कोचिंग) और हेड हॉपर स्टूडियो है, जिसमें 3D आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का काम होता है।
जानकारी के मुताबिक, आग फैलने के बाद दूसरे फ्लोर पर चल रही कोचिंग में छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था। जयंत नाम के एक बच्चे ने पहले फ्लोर से कूद कर जान बचाई। लेकिन वह नीचे ग्रिल पर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया
लखनऊ अग्निकांड पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है। साथ ही पीएम ने मृतकों के परिवार के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया है…पीएम मोदी ने मृतकों के परिवार के लिए 2-2 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सारे दौरों को रद्द कर लखनऊ लौट रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में हुई घटना की रिपोर्ट तलब की है। सीएम योगी ने राज्य के DGP और अपर मुख्य सचिव से रिपोर्ट मांगी है और घटना की उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया है। बता दें कि सीएम योगी ने इस घटना के बाद अपने सभी दौरे रद्द कर दिए हैं और लखनऊ पहुंच गए हैं।
सीएम योगी ने की घायलों से मुलाकात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ अग्निकांड में घायल हुए लोगों से अस्पताल में जाकर मुलाकात की है। सीएम योगी ने KGMU में घायलों का हाल जाना है।
थंब इंप्रेशन लॉक के कारण गेट नहीं खुला
हादसे में सुखमणि (23) की मौत हो हुई है। उनके दोस्त यश ने बताया- सुखमणि 3D एनीमेशन के ऑफिस में चार साल से नौकरी कर रहे थे। ऑफिस में करीब 40 लोग काम करते हैं। ऑफिस का मुख्य गेट थंब इंप्रेशन से खुलता था। आग फैलने के बाद गेट ऑटोमैटिक लॉक था। उसे खोलने में देरी हुई। जिसकी वजह से हादसा और ज्यादा गंभीर हो गया।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने जताया शोक
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक इमारत में लगी आग में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा- उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई लोगों की मौत बहुत दुखद है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।
मरने वालों की उम्र 20 से 28 के बीच
यूपी की राजधानी लखनऊ में हुए अग्निकांड में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इस हादसे में जांन गंवाने वालों की उम्र 20 से 28 साल के बीच बताई जा रही है। ज्यादातर लोगों की मौत की वजह दम घुटना बताया गया है।
सीएम योगी मौके पर पहुंचे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में उस घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, जहां पर आग लगी है। उनके साथ में यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौजूद हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने व्यक्त की संवेदनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”
राहुल गांधी ने जताया दुख
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने के हादसे में कई लोगों की मृत्यु और कई अन्य के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।”
