भोपाल। भेल (BHEL) खेल परिसर, भोपाल के एथलेटिक्स ग्राउंड में आज 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पारंपरिक उत्साह, उल्लास और भारी जनभागीदारी के साथ मनाया गया। इस खास मौके पर बीएचईएल के कार्यपालक निदेशक (Executive Director) प्रदीप कुमार उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। योग सत्र के बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक अनोखे ‘पर्यावरण महोत्सव’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें नीम के पेड़ का जन्मदिन मनाया गया।
योग से दूर होता है तनाव, नई पीढ़ी में चेतना जरूरी: प्रदीप कुमार उपाध्याय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रदीप कुमार उपाध्याय ने मानव जीवन में योग के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा ”योग न केवल व्यक्ति का तनाव दूर करता है, बल्कि मन और मस्तिष्क को भी असीम शांति देता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में नई पीढ़ी के भीतर योग के प्रति चेतना जागृत करना बेहद आवश्यक है। हम सभी को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर एक स्वस्थ, संतुलित और ऊर्जावान जीवन की ओर कदम बढ़ाना चाहिए।”
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बीएचईएल लेडीज क्लब की अध्यक्षा श्रीमती रोजी उपाध्याय, श्रीमती संगीता रामनाथन, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टी.यू. सिंह, और सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमाण्डेंट शिवरतन सिंह मीणा सहित सभी महाप्रबंधक व यूनियनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
योग है शरीर, मन और आत्मा का मिलन: टी.यू. सिंह
महाप्रबंधक (मा.सं.) टी.यू. सिंह ने कर्मचारियों को सेहत को अपनी जीवन शैली का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा का अद्भुत मिलन है। नियमित योग से शरीर का लचीलापन और मांसपेशियों की मजबूती बढ़ती है, जिससे डिप्रेशन, चिंता और हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) जैसी बीमारियां दूर होती हैं।
कार्यक्रम में योगाचार्य स्वामी अमृत बिंदु ने उपस्थित विशाल जनसमूह और योग साधकों को विभिन्न आसन एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया और उनके वैज्ञानिक लाभ साझा किए।
