4.9 C
London
Monday, April 20, 2026
Homeराष्ट्रीयदिल्ली एक्साइज पॉलिसी केस: ईडी ने केसीआर की बेटी कविता से 9...

दिल्ली एक्साइज पॉलिसी केस: ईडी ने केसीआर की बेटी कविता से 9 घंटे की पूछताछ, 16 मार्च को फिर बुलाया

Published on

नई दिल्ली

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में शनिवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता से 9 घंटे पूछताछ की। उन्हें 16 मार्च को पूछताछ के लिए फिर बुलाया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की 44 वर्षीय बेटी कविता रात करीब आठ बजे एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर स्थित एजेंसी के मुख्यालय से रवाना हुईं। वह पूर्वाह्न करीब 11 बजे डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित तुगलक रोड स्थित अपने पिता के सरकारी आवास से ईडी कार्यालय पहुंची थीं।

अधिकारियों ने कहा कि बीआरएस की नेता को 16 मार्च को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इससे पहले, ईडी कार्यालय में भारी संख्या में दिल्ली पुलिस और केंद्रीय अर्द्धसैन्य बलों के कर्मियों को तैनात किया गया था। बीआरएस नेता के समर्थकों ने एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर प्रदर्शन भी किया। कविता ने एजेंसी के कार्यालय में प्रवेश करने से पहले मुठ्ठी बंद करके हाथ ऊपर उठाया। बीआरएस की विधान पार्षद के साथ उनके स्टाफ के कुछ सदस्य भी थे, जो बाहर रुक गये।

ईडी ने कविता को 9 मार्च को पेश होने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने लंबे समय से अटके महिला आरक्षण विधेयक को संसद के बजट सत्र में पारित कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को यहां अनशन में शामिल होने के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के कारण नई तारीख देने का अनुरोध किया था। कविता को एजेंसी ने इसलिए बुलाया ताकि उनका सामना हैदराबाद के कारोबारी अरुण रामचंद्रन पिल्लई से कराया जाए। पिल्लई को इस सप्ताह ईडी ने गिरफ्तार किया था। एजेंसी धनशोधन रोकथाम कानून (प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट) के तहत कविता का बयान दर्ज करेगी।

कविता ने हाल में यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है और उन्होंने आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी की अगुआई वाली केंद्र सरकार ईडी का ‘इस्तेमाल’ कर रही है, क्योंकि भाजपा को तेलंगाना में ‘पिछले दरवाजे से प्रवेश’ नहीं मिल सका।

पिल्लई 12 मार्च तक ईडी की हिरासत में हैं और उन्हें 13 मार्च को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा। पिल्लई ‘रॉबिन डिस्टिलरीज एलएलपी’ नामक कंपनी में साझेदार हैं। ईडी ने दावा किया कि यह कंपनी तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी और एमएलसी के. कविता और अन्य से जुड़े कथित शराब कार्टल ‘साउथ ग्रुप’ का प्रतिनिधित्व करती है।

आरोप है कि ‘साउथ ग्रुप’ ने अब रद्द कर दी गई दिल्ली आबकारी नीति 2020-21 के तहत राष्ट्रीय राजधानी के बाजार में अधिक हिस्सेदारी हासिल करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) को करीब 100 करोड़ रुपये की रिश्वत दी थी। कविता से इस मामले में पहले केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भी पूछताछ की थी।

ईडी ने इस मामले में अभी तक दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आप नेता मनीष सिसोदिया समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दिल्ली सरकार की शराब कारोबारियों को लाइसेंस देने के लिए 2021-22 की आबकारी नीति से उद्यमियों को सांठगांठ करने का अवसर दिया गया और कुछ डीलरों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिन्होंने इसके लिए कथित तौर पर घूस दी।

बहरहाल, आम आदमी पार्टी (आप) ने इस आरोप का जोरदार खंडन किया है। बाद में यह नीति रद्द कर दी गई और दिल्ली के उपराज्यपाल ने सीबीआई जांच की सिफारिश की, जिसके बाद ईडी ने पीएमएलए के तहत आरोपियों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया।

Latest articles

भोपाल तमिल संगम ने सफलतापूर्वक किया बीटीएस तमिल उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह और भव्य तमिल नव वर्ष समारोह का आयोजन 

भोपाल। मध्य भारत में तमिल समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से...

नारी शक्ति वंदन विधेयक गिरने के विरोध में भाजपा आज निकालेगी आक्रोश रैली

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को...

राज्यमंत्री गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

वार्ड 68 में 1 करोड़ 37 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और...

भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर बैरसिया भगवामय, जयघोषों के बीच निकली भव्य विशाल बाइक रैली

राजेन्द्र शर्मा बैरसिया। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर रविवार को नगर बैरसिया भगवान...

More like this

महिला आरक्षण बिल पास नहीं हुआ, PM बोले- माफी मांगता हूं

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान पीएम...

54 वोट से गिरा महिला आरक्षण से जुड़ा बिल: पास होने के लिए चाहिए थे 352, मिले 298

मोदी सरकार बिल पास कराने में पहली बार नाकाम नई दिल्ली। महिला आरक्षण बिल से...

गेल (इंडिया) ने उप्र और महाराष्ट्र में लगाएगी 700 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता का सोलर प्लांट

नई दिल्ली। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में 700 मेगावाट सौर...