नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस के आधिकारिक ‘एक्स’ (ट्विटर) अकाउंट हैक होने की सूचना से हड़कंप मच गया। जिस ट्विटर अकाउंट से दिल्ली पुलिस जरूरी अपडेट्स दिया करती थी मंगलवार अचानक ही इसका बायो और तस्वीर बदल गई। जैसे ही ये घटनाक्रम हुआ तो लोगों में इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई। तुरंत ही पुलिस टीम को भी आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट के हैकिंग का पता चला। उन्होंने कार्रवाई करते हुए इसे रिस्टोर कर लिया है। हालांकि, कुछ देर के लिए असमंजस की स्थिति जरूर हो गई।
‘MagIC Edem’ नाम के ग्रुप ने दिल्ली पुलिस के ऑफिशियल एक्स हैंडल की हैकिंग की जिम्मेदारी ली है। हैकर ने कवर फोटो को चेंज किया। इसकी जगह मैजिक इडन (Magic Edem) का फोटो लगा दिया। हालांकि, यूजर नेम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कुछ ऐसे पोस्ट डाले, जिससे लोगों में भ्रम फैल गया।
फिलहाल दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को रिस्टोर कर लिया है। इसके साथ मामले की जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने आश्वासन दिया है कि हैकर्स की पहचान होते ही उन पर कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली पुलिस के एक्स अकाउंट को हैकर्स ने मंगलवार को निशाने पर लिया।
