दिल्ली में आज आयुष्मान योजना आखिरकार लागू होने जा रही है। लंबे इंतजार के बाद दिल्ली का नाम भी आयुष्मान भारत योजना से जुड़ जाएगा। आज केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के बीच इसे लेकर MOU साइन होने जा रहा है। अब दिल्ली में रहने वाले गरीब व जरूरतमंद लोग भी आयुष्मान कार्ड बनवाकर 10 लाख रुपये तक के मेडिकल कवर का फायदा उठा सकेंगे। हालांकि आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए कई नियम व शर्तें हैं। मगर दिल्ली में करीब 4 लाख से ज्यादा ऐसे लोग हैं, जिन्हें आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए सिर्फ आधार कार्ड की जरूरत होगी।
इन लोगों पर आय की सीमा या राशन कार्ड की अनिवार्यता का नियम लागू नहीं होगा। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए इन्हें बस आधार कार्ड की जरूरत होगी। हम बात कर रहे हैं कि दिल्ली में रहने वाले बुजुर्ग नागरिकों की। 70 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्ग आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाकर आयुष्मान योजना का लाभ उठा सकते हैं। हालांकि इन्हें 10 लाख का मेडिकल कवर मिलेगा या 5 लाख का, इस पर अभी तस्वीर साफ नहीं हुई है। एक अनुमान के मुताबिक अभी दिल्ली में 4 लाख से ज्यादा 70 से ज्यादा उम्र वाले लोग हैं।
वय वंदना कार्ड में क्या होंगी सुविधाएं
केंद्र सरकार ने साल 2024 में ही 70+ बुजुर्गों के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत इस कार्ड की शुरुआत की थी। आयुष्मान वय वंदना कार्ड खासतौर से 70 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए बनाया जा रहा है। यह ठीक वैसे ही काम करेगा और वही सब सुविधाएं मिलेंगी, जो आयुष्मान कार्ड में मिलती हैं। आयुष्मान कार्ड बनने के अगले ही दिन से बुजुर्गों का मेडिकल कवर हो जाएगा और देशभर में आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों में इलाज करा सकते हैं।
आयुष्मान वय वंदना कार्ड कैसे बनेगा बुजुर्गों के लिए कार्ड? यहां जाने पूरा प्रोसेस
आयुष्मान कार्ड घर बैठे कैसे बनेगा आयुष्मान कार्ड, जानें A to Z तरीका
बस एक डॉक्यूमेंट की जरूरत
70 साल या उससे ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को यह कार्ड बनवाने के लिए महज एक डॉक्यूमेंट की जरूरत होगी। वो है दिल्ली का आधार कार्ड, जिसमें उनकी उम्र 70 साल या उससे ज्यादा हो। इसके अलावा 70+ बुजुर्गों को ना राशन कार्ड की जरूरत होगी ना ही किसी तरह के आय प्रमाण पत्र की। आप चाहें सरकारी नौकरी से रिटायर हुए हों या फिर बिजनेसमैन रहे हों। आपकी आय 10,000 रुपये हो या 10 लाख, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। बस आपकी उम्र 70 साल या उससे ज्यादा होनी चाहिए। देशभर में अब तक 25 लाख से ज्यादा आयुष्मान वय वंदना कार्ड बन चुके हैं। यही नहीं करीब 32,000 अस्पताल इस कार्ड के लिए इलाज की सुविधा दे रहे हैं, जिनमें 14,000 से ज्यादा प्राइवेट हॉस्पिटल हैं।
60 साल वालों का भी बन सकता है वय वंदना कार्ड
पूरे देश में 70 साल या उससे ज्यादा उम्र के बुजुर्गों के ही आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाए जा रहे हैं। हालांकि आयुष्मान योजना को लेकर जो सिफारिशें की गई हैं, उसमें इस उम्र सीमा को घटाकर 60 साल करने की बात कही जा रही है। अगर इसमें बदलाव होता है, तो दिल्ली में 60 साल के बाद ही बुजुर्गों को यह सुविधा मिल सकती है।
आज से दिल्ली में शुरू हुई आयुष्मान योजना
आयुष्मान भारत स्कीम आज से दिल्ली में शुरू हो गई है। दिल्ली सरकार ने साफ कर दिया है कि पहले चरण में सबसे पहले फायदा अंत्योदय अन्न योजना (AAY Card) कार्डधारकों को मिलेगा। एक अनुमान के मुताबिक दिल्ली में करीब 68,000 AAY कार्डधारक हैं। पहले चरण में सबसे पहले इन्हीं का आयुष्मान कार्ड बनेगा।
