नई दिल्ली,
जमीन के बदले नौकरी घोटाले के मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के परिवार की मुश्किलें बढ़ती जा रही है. केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को इस मामले में पूछताछ के लिए आज समन जारी किया था, लेकिन तेजस्वी यादव ने आज भी सीबीआई के समक्ष पेश होने में असमर्थता जता दी. सूत्रों के मुताबिक, ‘तेजस्वी यादव पत्नी के स्वास्थ्य कारणों की वजह से सीबीआई के सामने पेश नहीं होंगे. ईडी के छापे के बाद उनकी गर्भवती पत्नी को कल दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बारह घंटे की पूछताछ के बाद बीपी की समस्या के कारण वह बेहोश हो गई थीं.’
सूत्र सीबीआई ने इससे पहले भी तेजस्वी यादव को 4 मार्च को समन जारी किया था लेकिन वह जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए थे. सीबीआई का दावा है कि लैंड फॉर जॉब स्कैम में तेजस्वी यादव के खिलाफ सबूत मिले हैं और इन्हीं सबूतों के आधार पर उन्हें यह समन जारी किया गया है. वहीं, तेजस्वी यादव को समन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि पहले भी समन किया था. उन्होंने कहा कि पांच साल बाद रेड हो रहा है. सीएम नीतीश ने सवाल किया कि अब तक क्या निकला है?
