नई दिल्ली:
राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले काफी बुलंद हो गए हैं। आज दिनदहाड़े बेखौफ हमलावर ने गोकलपुरी फ्लाईओवर के नीचे रोड रेज में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। मृत महिला की पहचान सिमरनजीत कौर के तौर पर हुई है। बता दें कि हमलावर स्कूटी पर सवार था। इस मामले में दिल्ली पुलिस का बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा कि दोपहर करीब सवा तीन बजे एक व्यक्ति हीरा सिंह (40) अपनी पत्नी सिमरनजीत कौर (30) के साथ अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर मौजपुर की ओर जा रहा था।
हमलावर ने गर्दन में मारी गोली
पुलिस ने आगे बताया कि गोकल पुरी फ्लाईओवर के पास दोपहिया वाहन पर सवार एक व्यक्ति के साथ उनकी बहस हो गई, जब उनके वाहन एक-दूसरे से लगभग टकरा गए। जिसके बाद एक शख्स ने नीचे फ्लाईओवर से करीब 30-35 फीट की दूरी से एक गोली चला दी जो उसकी पत्नी सिमरनजीत कौर के सीने के ऊपरी हिस्से में गर्दन के पास लगी। वह अपनी पत्नी को जीटीबी अस्पताल ले गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। इलाके में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। आगे की जांच जारी है।
