नई दिल्ली
ईस्ट दिल्ली के प्रीत विहार में एक कैफे में बिल को लेकर हुए विवाद के बाद युवक को अगवा कर पीटने और अननेचरल सेक्स करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कैफे मालिक और बाउंसर पीड़ित को उसकी कार में डालकर गाजियाबाद स्थित मुराद नगर गंगनहर ले गए, जहां सोडोमी को अंजाम दिया और वीडियो भी बनाया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की डिमांड की गई। युवक से फोन, 8 हजार रुपये और कार की चाबी लूटने के बाद विवेक विहार इलाके में फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने दो दिन बाद युवक का बयान लेकर अगवा करने, कातिलाना हमला, गैर इरादतन हत्या का प्रयास, लूटपाट, सोडोमी, जान से मारने की धमकी, जबरन वसूली और आपराधिक साजिश समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर कैफे मालिक विक्की और दो बाउंसरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों दावा है कि लड़की जानबूझकर पीड़ित को इस कैफे में लाई, जहां दो कोल्ड ड्रिंक्स और एक रेडबुल का बिल 2600 रुपये दिया गया। युवक ने विरोध किया, जिसके बाद वारदात हुई।
बेहोशी की हालत में युवक को फेंका
पुलिस अफसरों ने बताया कि 24 साल का लड़का परिवार के साथ मयूर विहार में रहता है। वो मल्टिनैशनल कंपनी में जॉब करता है। डेटिंग ऐप के जरिए लड़की से दोस्ती हुई, जिसने 27 जुलाई की शाम प्रीत विहार स्थित कैफे में बुलाया। बिल ज्यादा होने पर लड़के ने शिकायत की तो आरोपी खींचकर बाहर ले आए और जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा। लड़के को कार में बिठाकर भी पीटते रहे। आरोपी पीड़ित को गंगनहर ले गए, जहां अननेचरल सेक्स किया और वीडियो बना लिया। आधी रात को बेहोशी की हालत में विवेक विहार में फेंक फरार हो गए।
हुआ सनसनीखेज खुलासा
पुलिस ने 28 जुलाई को लड़के को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से देर रात 2:13 बजे प्रीत विहार थाने को सूचना मिली। युवक तब बयान देने की स्थिति में नहीं था। पुलिस ने 29 जुलाई को बयान लिया तो वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस लड़के के साथ डेट पर आई लड़की और कैफे के बाकी स्टाफ की तलाश कर रही है।
पुलिस को साजिश की आशंका
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित कॉरपोरेट सेक्टर में काम करता है और लड़की से उसकी मुलाकात डेटिंग ऐप के जरिए हुई। पुलिस इस घटना में पीड़ित की कथित गर्लफ्रेंड की भूमिका की जांच कर रही है। यह भी पता चला है कि लड़की और लड़के के बीच बिल की आधी-आधी पेमेंट को लेकर बहस भी हुई थी और बाद में दोनों ने एक-दूसरे को थप्पड़ भी मारा। पुलिस ने बताया कि यह पूरा मामला साजिश का लग रहा है जिसमें लड़के को ऐप के जरिए फंसाया गया। पुलिस जांच कर रही है कि कहीं कैफे का स्टाफ तो इस साजिश में शामिल नहीं है और इस कैफे में पहले कोई ऐसी घटना तो नहीं हुई है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को अरेस्ट किया है और 2 महिलाओं समेत कुछ और लोगों से पूछताछ की जा रही है।
