10.9 C
London
Wednesday, May 6, 2026
Homeराजनीतिमंगलसूत्र, मुस्लिम, मंदिर, मुजरा, भैंस, महंगाई से लेकर संविधान तक... 7 चरणों...

मंगलसूत्र, मुस्लिम, मंदिर, मुजरा, भैंस, महंगाई से लेकर संविधान तक… 7 चरणों में कब क्या हुआ जान लीजिए

Published on

नई दिल्ली

देश में लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए 1 जून को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 4 जून को चुनावी नतीजों की घोषणा की जाएगी। इससे पहले चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव की घोषणा की थी। चुनाव की घोषणा के बाद से ही आचार संहिता लागू हो गई थी। इसके बाद बीजेपी नीत एनडीए और कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने अपनी चुनाव रणनीति को धार देने शुरू किया। इस सात चरण के चुनाव में कांग्रेस ने बेरोजगारी, महंगाई, जातिगत जनगणना के साथ ही संविधान को बचाने को मुद्दे को जनता के बीच रखा। वहीं, एनडीए सरकार ने मोदी सरकार के 10 साल की उपलब्धियों को जनता के बीच रखा। इसके साथ ही पीएम मोदी ने कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण के आरोप लगाए। मोदी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर गरीब महिलाओं के मंगलसूत्र छीन लेगी। लोगों की संपत्तियों को अधिक बच्चों वालों में बांट दिया जाएगा। इसके अलावा कई मुद्दे हावी रहे। जानते हैं कि इन 7 चरण के चुनाव की प्रमुख घटनाएं क्या-क्या रहीं।

पहला चरण: धुआंधार रैली के बीच बिल गेट्स ने लिया इंटरव्यू
पीएम मोदी ने पहले चरण के मतदान से अप्रैल के शुरुआती 10 दिनों में अब तक 20 से ज्यादा रैलियां और रोड शो कर चुके थे। इसके अलावा कई न्यूज चैनल और मैगजीन में इंटरव्यू दिए। इसके पहले माइक्रोसॉफ्ट के संस्‍थापक बिल गेट्स ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंटरव्यू लिया था। इसमें उन्होंने विज्ञान, हेल्थ सेक्टर, क्लाइमेट समेत कई मुद्दों पर विशेष चर्चा की। पीएम मोदी ने बिल गेट्स के साथ इंटरव्यू की जानकारी खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी थी। इस दौरान पीएम ने पीएम मोदी ने बुधवार को कई प्रमुख गेमिंग क्रिएटर्स से भी मुलाकात की। जिनमें अनिमेष अग्रवाल, मिथिलेश पाटणकर, पायल धरे, नमन माथुर और अंशू बिष्ट शामिल थे। इसी दौरान 5 अप्रैल को कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र भी जारी किया। घोषणापत्र में 5 न्याय और 25 गारंटी शामिल थी। 14 अप्रैल को बीजेपी ने घोषणा पत्र जारी किया था। वहीं, पहले चरण के वोटिंग से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पार्टी के लिए जनता से समर्थन मांगने के वास्ते ‘जेल का जवाब वोट से’ अभियान की शुरुआत की।

दूसरा चरण: चुनाव प्रचार में मंगलसूत्र की हुई एंट्री
दूसरे चरण में कांग्रेस और बीजेपी एक दूसरे पर अधिक हमलावर हुए। इस चरण में बीजेपी की तरफ से चुनाव प्रचार में मंगलसूत्र की एंट्री हुई। कांग्रेस के घोषणापत्र का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान की चुनावी रैली में आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो वह लोगों की संपत्ति को घुसपैठियों और उन लोगों को बांट सकती है, जिनके अधिक बच्चे हैं। पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के उस बयान की भी याद दिलाई थी, जिसमें सिंह ने यह कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी लगातार इस मुद्दे को उठाते हुए यह आरोप लगाते नजर आए कि कांग्रेस अगर सत्ता में आई तो महिलाओं से मंगलसूत्र भी छीन लेगी। हालांकि, कांग्रेस ने इस आरोप को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया था। बीजेपी का कहना था कि कांग्रेस ने देश के दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को 70 साल तक उनके अधिकारों से ‘वंचित’ रखकर उनके साथ ‘अन्याय करने का पाप’ किया है। बीजेपी का कहना था कि कांग्रेस को 2024 के लोकसभा चुनाव में इसकी सजा मिलेगी। दूसरी तरफ कांग्रेस ने दूसरे चरण में लोगों से संविधान बचाने और समावेशी विकास के लिए अपने वोट का इस्तेमाल करने की अपील की। राहुल गांधी ने लोगों से अपील की थी कि वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपने घरों से ‘संविधान के सिपाही’ बनकर बाहर निकलें। दूसरी तरफ बीजेपी ने आरक्षण को लेकर विपक्षी गठबंधन को निशाने पर लिया।

तीसरा चरण: प्रज्वल रेवन्ना का कथित सेक्स वीडियो
तीसरे चरण के मतदान से पहले पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा के पोते और हासन से सांसद प्रज्वल रेवन्ना की कथित कई सेक्स वीडियो लीक हो गए। प्रज्वल के खिलाफ बलात्कार और छेड़छाड़ के मामले दर्ज किए गए। रेवन्ना से जुड़े सेक्स वीडियो मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित की गई। उनके पिता और विधायक एचडी रेवन्ना को एक महिला का अपहरण करने के आरोप में गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में भेज दिया था। प्रज्वल ने मतदान के एक दिन बाद 27 अप्रैल को देश छोड़ दिया था। उनके खिलाफ ‘ब्लू कॉर्नर’ नोटिस जारी किया गया। इसके बाद कांग्रेस को बैठे-बिठाए बीजेपी पर हमलावर होने का मौका मिल गया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया 4 मई प्रज्वल रेवन्ना की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए। खास बात है कि खुद पीएम मोदी ने प्रज्वल रेवन्ना के समर्थन में रैली कर वोट मांगा था। प्रज्वल ने एक मई को फेसबुक पर एक पोस्ट में सात दिन में भारत लौटने की बात कही थी लेकिन प्रज्वल के वापस लौटने के कोई संकेत नहीं मिले थे। हालांकि, अब 31 मई को प्रज्वल के भारत लौटने की बात कही जा रही है।

चौथा चरण : केजरीवाल की जेल से रिहाई…रोडशो
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली शराब नीति को लेकर कथित घोटाले को लेकर जेल में बंद अरविंद केजरीवाल को 1 जून तक अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया। कोर्ट ने केजरीवाल को दो जून को आत्मसमर्पण कर और वापस जेल आने का आदेश दिया। अदालत की तरफ से यह जमानत केजरीवाल को चुनाव प्रचार करने के लिए दी गई थी। केजरीवाल की रिहाई के बाद पूरा विपक्षी धड़े वाला इंडिया गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। कांग्रेस, टीएमसी से लेकर डीएमके ने इसे न्याय की जीत बताया। केजरीवाल की रिहाई के बाद आप कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ अपने नेता का स्वागत किया। सीएम ने रिहाई के बाद अगले दिन कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में पूजा की। इसके बाद उन्होंने दक्षिणी दिल्ली संसदीय सीट से आप उम्मीदवार सही राम पहलवान के समर्थन में रोड शो किया। रोड शो में आप के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। केजरीवाल ने रोड शो समाप्त होने के बाद कहा था कि मैं जेल से रिहा होने के बाद सीधे आपके पास आया हूं। मुझे दिल्ली वालों की बहुत याद आती थी। मैं उन करोड़ों लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने प्रार्थना की और मेरे लिए आशीर्वाद भेजा। केजरीवाल ने देर शाम पूर्वी दिल्ली से आप के उम्मीदवार कुलदीप कुमार के समर्थन में अपना दूसरा रोड शो किया।

पांचवा चरण : शेयर बाजार को लेकर पीएम की भविष्यवाणी
पांचवे चरण के मतदान से पहले पीएम मोदी ने शेयर बाजार को लेकर भविष्यवाणी की। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कहा कि 4 जून के नतीजों के बाद सेंसेक्स ऐसा झूमेगा कि शेयर मार्केट के प्रोग्रामर भी थक जाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि उनके 10 साल के कार्यकाल में सेंसेक्स ने 25 से 75 हजार तक का शानदार सफर तय किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चार जून को लोकसभा चुनाव का नतीजा आएगा। आप हफ्ते भर में देखना कि भारत का स्टॉक मार्केट, उनकी प्रोग्रामिंग करने वाले सारे थक जाएंगे। पीएम मोदी ने कहा था कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम की कंपनियों का शेयर कहां पहुंचा है। इस शेयर का मतलब ही होता था गिरना। स्टॉक मार्केट में अब उनकी कीमतें बढ़ रही हैं।

छठा चरण: वोटिंग के आंकड़े और फॉर्म 17 सी
लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने चुनाव आयोग की तरफ से वोटिंग के फाइनल आंकड़े जारी करने में देरी को लेकर सवाल उठाया। यह मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा। चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि मतदान केंद्र-वार मतदान प्रतिशत डेटा के ‘अविवेकपूर्ण खुलासे’ और इसे वेबसाइट पर पोस्ट करने से चुनावी मशीनरी में अराजकता फैल जाएगी। आयोग का कहना था कि एक मतदान केंद्र में डाले गए वोटों की संख्या बताने वाले फॉर्म 17सी का विवरण सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। इससे पूरे चुनावी तंत्र में अराजकता फैल सकती है क्योंकि इससे तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की संभावना बढ़ जाती है। आयोग ने एक गैर सरकारी संगठन की याचिका के जवाब में दायर एक हलफनामे में यह बात कही थी। याचिका में आयोग को लोकसभा के प्रत्येक चरण के मतदान के समापन के 48 घंटे में वेबसाइट पर मतदान केंद्र-वार आंकड़े अपलोड करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया था। निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव के पहले पांच चरणों में डाले गए मतों की संख्या पर लोकसभा क्षेत्र-वार आंकड़ा 25 मई को जारी किया। आयोग ने कहा कि डाले गए वोटों की संख्या में कोई भी बदलाव संभव नहीं है। एक दिन पहले ही शीर्ष अदालत ने एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) की वह याचिका खारिज कर दी थी, जिसमें निर्वाचन आयोग को मतदान केंद्र-वार मतदान प्रतिशत के आंकड़े अपनी वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश देने का अनुरोध किया गया था।

सातवां चरण : मोदी का मैराथन चुनावी अभियान भी खत्म
इस लोकसभा चुनाव में एक तरफ जहां विपक्ष के बड़े-बड़े दिग्गज चुनाव प्रचार में जुटे थे वहीं, बीजेपी की तरफ से पीएम मोदी ने मैराथन चुनाव प्रचार किया। सात चरण में पीएम मोदी ने 206 चुनाव कार्यक्रम किए। प्रधानमंत्री ने इस दौरान 80 से ज्यादा मीडिया चैनलों, अखबारों, यूट्यूबरों, ऑनलाइन मीडिया माध्यमों को इंटरव्यू दिए। पूरे चुनाव प्रचार अभियान के दौरान नरेंद्र मोदी ने सबको अपनी ऊर्जा से टक्कर देते नजर आए। पीएम ने आंध्र प्रदेश के पालनाडु से चुनाव प्रचार की शुरुआत की। उन्होंने अपने चुनाव प्रचार की समाप्ति 30 मई को पंजाब के होशियारपुर में की। 75 दिन की इस अवधि में पीएम मोदी ने 180 रैलियां और रोड शो किए। औसतन हर दिन पीएम मोदी ने दो से ज्यादा रैलियां और रोड शो के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पीएम मोदी मार्च में चुनाव की घोषणा से पहले फरवरी और मार्च की 15 तारीख तक 15 रैलियां कर चुके थे।

Latest articles

भोपाल-इंदौर मेट्रो में अब ₹7000 में कर सकेंगे प्री-वेडिंग शूट, फिल्म की शूटिंग और बर्थ-डे सेलिब्रेशन

भोपाल। भोपाल और इंदौर मेट्रो में अब प्री-वेडिंग शूट, फिल्म की शूटिंग और बर्थडे...

अमेरिका-ईरान में फिर बढ़ा तनाव, होर्मुज में बने जंग जैसे हालात-सैन्य गतिविधियां जारी

वॉशिंगटन/तेहरान। पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है, जहां ईरान...

ममता बोलीं- मैं इस्तीफा नहीं दूंगी, चुनाव आयोग असली विलेन, भाजपा के साथ मिलकर 100 सीटें लूटीं

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस...

इंदौर प्रेस क्लब में एनएमएफ न्यूज़ चैनल के 5 वर्ष पूर्ण होने पर सम्मान समारोह आयोजित

इंदौर। इंदौर प्रेस क्लब में 1 मई 2026 को एनएमएफ न्यूज़ चैनल के 5...

More like this

एक जिला एक उत्पाद’ नीति से राजस्थान के स्थानीय उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने...

1 अप्रैल से भोपाल में प्रॉपर्टी खरीदना होगा महंगा, 740 लोकेशन पर बढ़ेगी कलेक्टर गाइड लाइन

भोपाल राजधानी भोपाल में 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा। जिले की कुल...

इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी को बचाने के लिए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन: पट्टा धारियों के घर तोड़ने की कार्रवाई का विरोध

भोपाल राजधानी के वार्ड 66 स्थित इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी के निवासियों के आशियानों पर मंडरा...