विशाखापट्टनम,
भारतीय टीम ने आज अपने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज किया है. दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला विशाखापट्टनम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है.
ऐसे में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ताबड़तोड़ अंदाज में रन बनाए. टीम ने 3 विकेट गंवाकर 208 का स्कोर बनाया. जोश इंग्लिस ने तूफानी अंदाज में बैटिंग करते हुए 47 गेंदों पर शतक जड़ा. उन्होंने मैच में 50 गेंदों पर कुल 110 रनों की पारी खेली. इंग्लिस ने अपनी पारी में 8 छक्के और 11 चौके जमाए.
इंग्लिस के अलावा स्टीव स्मिथ ने 41 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली. इंग्लिस और स्मिथ के बीच दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों पर 130 रनों की पार्टनरशिप हुई. भारतीय टीम के लिए कोई भी गेंदबाज अपनी छाप नहीं छोड़ सका. सभी ने जमकर रन लुटाए. प्रसिद्ध कृष्णा और रवि बिश्नोई ने 1-1 विकेट लिया. मैच जीतने के लिए भारतीय टीम के सामने 209 रनों का टारगेट है.
ऑस्ट्रेलियाई टीम के विकेट इस तरह गिरे (208/3, 20 ओवर्स)
पहला विकेट: मैथ्यू शॉर्ट (13), विकेट- रवि बिश्नोई (31/1)
दूसरा विकेट: स्टीव स्मिथ (52), विकेट- रनआउट (161/2)
तीसरा विकेट: जोश इंग्लिस (110), विकेट- प्रसिद्ध कृष्णा (180/3)
वर्ल्ड कप फाइनल में हार का बदला लेने उतरी भारतीय टीम
इस सीरीज के लिए भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है. जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड के हाथों में है. दोनों की कप्तान यह पहला मैच जीतकर सीरीज का दमदार आगाज करने के इरादे से मैदान में उतरे हैं.
हाल ही में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 खत्म हुआ है. इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को खेला गया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम को 6 विकेट से हराया था. ऐसे में इस मुकाबले में सूर्या की कप्तानी में भारतीय टीम के पास उस हार का बदला लेने का मौका है.
