दुबई
भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले में हरा दिया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर भारत को 4 विकेट से जीत मिली। ऑस्ट्रेलिया ने पहले खेलते हुए 264 रन बनाए थे। आखिरी ओवर में उसकी पारी सिमट गई। हालांकि एक समय लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया की टीम 300 रनों के पार पहुंच जाएगी। यहां से भारत ने वापसी करते हुए मुकाबले में जीत हासिल की।
6 गेंद के अंदर पलट गया मैच
36 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 4 विकेट पर 195 रन था। पिच पर स्टीव स्मिथ सेट हो चुके थे। एलेक्स कैरी भी भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आसानी रन बना रहे थे। इस बीच स्टीव स्मिथ ने अपना विकेट फेंक दिया। मोहम्मद शमी की फुलटॉस गेंद पर वह बोल्ड हो गए। स्मिथ ने बाहर निकलकर गेंद को उड़ाना चाहा लेकिन वह बल्ले पर नहीं आई। वह 37वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए।
इसके बाद क्रीज पर ग्लेन मैक्सवेल उतरे। 38वें ओवर में मैक्सवेल ने अक्षर पटेल की गेंद पर छक्का मारा। वह मूड में नजर आ रहे थे लेकिन अगली ही गेंद पर अक्षर ने उन्हें बोल्ड कर दिया। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 198/4 से 205/6 हो गया। स्मिथ और मैक्सवेल के आउट होने के बाद टैलेंडर्स का आना शुरू हो गया। यह वजह रही कि ऑस्ट्रेलिया की टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और उसकी पारी 264 रनों पर ही सिमट गई।
287 से ज्यादा चेज नहीं हुआ
इंटरनेशनल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर अगर ऑस्ट्रेलिया की टीम 280 से ज्यादा स्कोर बना देती तो भारत के लिए दिग्गज हो जाती। इस मैदान पर अभी तक चेज हुआ सबसे बड़ा टारगेट 287 रनों का है। अगर स्मिथ और मैक्सवेल 6 गेंद के भीतर आउट नहीं होते तो ऑस्ट्रेलिया की टीम 300 तक आसानी से पहुंच सकती थी। उनका आउट होना ही मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। भारत ने 11 गेंद रहते 265 रनों का लक्ष्य 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
