हैदराबाद
डेविड वॉर्नर आईपीएल 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप बल्लेबाजों में शामिल हैं। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर शुरुआती 6 मैचों में अपनी टीम के लिए 4 फिफ्टी लगाई थी। इसके बाद भी उनकी टीम को 5 मैच में हार मिली। वॉर्नर के रनों के साथ परेशानी ये रही है कि उनका स्ट्राइक रेट काफी कम रहा। ये रन उन्होंने 120 से भी कम की स्ट्राइक रेट से बनाए थे। इसमें सबसे बड़ी बात थी कि 6 मैचों में वह एक भी छक्का नहीं लगा सके।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में आईपीएल 2023 का 34वां मुकाबला खेल रही है। इस मुकाबले में कप्तान वॉर्नर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अपनी पारी की शुरुआत 9 गेंद पर वॉर्नर ने सिर्फ एक रन बनाए थे। चौथे ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर के खिलाफ चौका मारा। 5वीं गेंद पर वह हुआ जिसका डेविड वॉर्नर के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम को इंतजार था।
डेविड वॉर्नर ने घुटना मोड़ा और गेंद को डीप मिड विकेट पर छक्के के लिए भेज दिया। इस छक्के से पहले उन्होंने 246 गेंदों का सामना किया था। इस दौरान उन्होंने 290 रन बनाए थे। आईपीएल इतिहास में यह पहली बार हुआ है, जब किसी बल्लेबाज ने एक आईपीएल सीजन में इतना रन बनाने के बाद पहला छक्का मारा हो।
दिल्ली के लिए पावरप्ले में पहला छक्का
दिल्ली कैपिटल्स इस सीजन कैसा खेल रही हैं, इसी सबूत इस बात से मिलता है कि डेविड वॉर्नर का यह छक्का आईपीएल 2023 में दिल्ली के किसी भी बल्लेबाज का पहला छक्का था। टीम के दूसरे सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ भी फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्हें तो हैदराबाद के खिलाफ इस मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन में भी जगह नहीं मिली है। इस मैच में डेविड वॉर्नर बड़ी पारी नहीं खेल पाए। 20 गेंद पर 21 रन बनाकर वह वॉशिंगटन सुंदर का शिकार बने।
