हैदराबाद:
इंडियन प्रीमियर लीग 2024 अपने अंतिम फेज की तरफ बढ़ रहा है। फैंस को रोज लगातार एक से बढ़कर एक रोमांचक मैच देखने को मिल रहे हैं। वहीं बीते 9 अप्रैल की रात को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। लखनऊ द्वारा दिए गए 166 रन के टारगेट को सनराइजर्स हैदराबाद ने 9.4 ओवर में ही चेज कर लिया और 10 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। स्टेडियम में मौजूद लखनऊ के मालिक संजीव गोयनका इस हार को बर्दाश्त नहीं कर पाए और उन्होंने सरेआम अपने कप्तान केएल राहुल की क्लास दिखा दी। दोनों की बातचीत की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें लखनऊ के मालिक काफी गुस्से में नजर आ रहे हैं जबकि राहुल काफी ज्यादा निराश। हालांकि कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक और बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान अपने खिलाड़ियों पर जान छिड़कते हैं। वह अपने प्लेयर्स को पल्कों पर बिठाकर रखते हैं।
आईपीएल 2024 का 31वां मैच कोलकाता नाइटराइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच 16 अप्रैल की रात को कोलकाता के ईडन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में केकेआर ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 223 रन बनाए थे। किसी को नहीं लगा था कि यहां से कोलकाता मैच हार जाएगी। लेकिन राजस्थान के जॉस बटलर ने अपने तूफानी शतक से केकेआर की मेहनत पर पानी फेर दिया। वह शतक ठोकने के बाद भी नाबाद रहे और अपनी टीम को मैच जिताकर ही वापस डग आउट में लौटे।
200 रन बनाने के बाद भी अगर आपकी टीम मैच हार जाए तो निराशा तो काफी होती है। गुस्सा भी आता है। लेकिन किंग खान ने इस हार के बाद जिस तरह अपने खिलाड़ियों को मोटीवेट किया। वो देखने वाला था। वह हर किसी के पास गए। उनकी पीठ थपथपाई। उनको एनर्जी दी। जाकर उनका हौसला बढ़ाया। इतना ही नहीं बल्कि वह केकेआर के मेंटोर गौतम गंभीर को भी हंसाने में कामियाब रहे। दोनों की मैच के बाद की एक फोटो भी काफी वायरल हुई थी। इस वक्त 16 अंक के साथ कोलकाता टेबल के टॉप पर है।
