राजकोट,
भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों के टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला राजकोट में खेला जा रहा है. मैच के तीसरे दिन (17 फरवरी) को इंग्लैंड टीम अपनी पहली पारी में 319 रनों पर सिमट गई. जबकि इंग्लिश टीम की शुरुआत बेहद शानदार हुई थी, लेकिन बैजबॉल के चक्कर में पूरी टीम उसके नीचे ही दब गई.पहली पारी में भारतीय टीम ने 445 रन बनाए थे. इस लिहाज से रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम को पहली पारी में 136 रनों की बढ़त मिली. मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड टीम ने 2 विकेट गंवाकर 207 रन बनाए थे.
अश्विन ने बीच मैच से नाम वापस लिया
तब ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड टीम बड़ा स्कोर बना सकती है. साथ ही इसी बीच भारतीय टीम को एक बड़ा झटका भी लगा. अपनी मां की तबीयत खराब होने के कारण स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बीच मैच से नाम वापस ले लिया और वो घर लौट गए.ऐसे में भारतीय टीम के लिए काफी मुश्किलें बढ़ गई थीं. मगर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने अच्छी तरह से मोर्चा संभाला. सिराज ने 84 रन देकर 4 बड़े विकेट झटके. जबकि कुलदीप और जडेजा ने 2-2 विकेट हासिल किए.
अब भारतीय बल्लेबाजों पर दारोमदार
इस तरह भारतीय गेंदबाजों ने अश्विन की गैरमौजूदगी में दमदार खेल दिखाते हुए इंग्लैंड को 319 रनों पर समेट दिया. इंग्लैंड के लिए बेन डकेट ने 153 रनों की धांसू पारी खेली. जबकि कप्तान बेन स्टोक्स ने 41 और ओली पोप ने 39 रन बनाए. इनके अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चल सका.भारतीय गेंदबाजों के आगे जो रूट, जॉनी बेयरस्टो और बेन फोक्स समेत सभी प्लेयर बेदम नजर आए. अब भारतीय बल्लेबाजों पर सारा दारोमदार रहने वाला है. उन्हें दमदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को बड़ी लीड दिलाते हुए इंग्लैंड के खिलाफ बड़ा टारगेट सेट करना होगा.
