अहमदाबाद,
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2023 में अपनी चौथी जीत हासिल की है. 16 अप्रैल को अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में उसने गुजरात टाइटन्स को 3 विकेट से हरा दिया. इस मुकाबले में राजस्थान को जीत के लिए 178 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने आखिरी ओवर में हासिल कर लिया. राजस्थान की जीत के हीरो कैरेबियाई क्रिकेटर शिमरॉन हेटमायर रहे, जिन्होंने 26 गेंदों पर 56 रनों की तूफानी पारी खेली. इसके अलावा कप्तान संजू सैमसन ने भी 60 रनों का योगदान दिया.
राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत खराब रही और उसने दूसरे ही ओवर में यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया. जायसवाल गुजरात के कप्तान हार्दिक की गेंद पर शुभमन गिल को कैच थमा बैठे. अगले ओवर में जोस बटलर का भी विकेट राजस्थान ने गंवा दिया, जो शमी की गेंद पर बोल्ड हो गए. नंबर-तीन पर बैटिंग करने उतरे देवदत्त पडिक्कल लय में दिख रहे थे और उन्होंने कुछ धमाकेदार शॉट्स लगाए. हालांकि पडिक्कल की पारी ज्यादा देर तक नहीं चली और वह स्पिनर राशिद खान का शिकार बन गए.
55 रनों पर चार विकेट गिरने के बाद संजू सैमसन और शिमरॉन हेटमायर के बीच 59 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने राजस्थान को मोमेंटम प्रदान किया. संजू ने राशिद खान को लगातार तीन छक्के लगाए, वहीं हेटमायर ने अल्जारी जोसेफ को निशाने पर लिया. जब संजू सैमसन आउट हुए तब भी मैच फंसा हुआ था और उसे पांच ओवरों में 64 रन चाहिए थे. संजू ने आउट होने से पहले 32 गेंदों पर 60 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और छह छक्के शामिल थे.
यहां से शिमरॉन हेटमायर ने कमाल की बैटिंग की और आखिरी ओवर में मैच जिता दिया. आखिरी ओवर में राजस्थान को जीत के लिए 7 रन बनाने थे, ऐसे में हेटमायर ने नूर अहमद दूसरी गेंद को छक्के के लिए भेजकर टीम को जीत दिला दी. हेटमायर ने 56 रनों की इनिंग्स में दो चौके और पांच छक्के उड़ाए. ध्रुव जुरेल (18) और आर. अश्विन (10) ने भी आखिरी ओवर में राजस्थान के लिए उपयोगी योगदान दिया.
राजस्थान रॉयल्स के ऐसे गिरे विकेट्स: (179/7)
पहला विकेट- यशस्वी जायसवाल 1 रन (2/1)
दूसरा विकेट- जोस बटलर 0 रन (4/2)
तीसरा विकेट- देवदत्त पडिक्कल 26 रन (47/3)
चौथा विकेट- रियान पराग 5 रन (55/4)
पांचवां विकेट- संजू सैमसन 60 रन (114/5)
छठा विकेट- ध्रुव जुरेल 18 रन (161/6)
सातवां विकेट- आर. अश्विन 10 रन (171/7)
टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी गुजरात टाइटन्स की शुरुआत खराब रही और उसे मैच की तीसरी ही गेंद पर पहला झटका लग गया. विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा (4 रन) शॉट को टाइम नहीं कर पाए और ट्रेंट बोल्ट ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच लपक लिया. फिर पांचवें ओवक की आखिरी गेंद पर साई सुदर्शन भी जोस बटलर के थ्रो पर रन-आउट हो गए.
32 रनों पर दो विकेट गिरने के बाद कप्तान हार्दिक पंड्या और शुभमन गिल ने 59 रनों की पार्टनरशिप करके पारी को संभाला. पंड्या को लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपने जाल में फंसाया. गुजरात के कप्तान ने 19 गेंदों पर 28 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा. हार्दिक के आउट होने के कुछ देर बाद शुभमन गिल ने भी संदीप शर्मा की गेंद पर अपना विकेट खो दिया. गिल ने कुल 34 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए.
गिल के आउट होने के बाद डेविड मिलर ने जिम्मेदारी उठाई. मिलर ने 30 गेंदों पर 46 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें तीन चौके और दो सिक्स शामिल थे. अभिनव मनोहर ने भी तीन छक्के की मदद से 27 रनों की पारी खेलकर मिलर का भरपूर साथ दिया. मिलर-मनोहर की तूफानी पारी के चलते गुजरात की टीम सात विकेट पर 177 रन बनाने में सफल रही. राजस्थान की ओर से संदीप शर्मा ने सबसे ज्यादा दो विकेट चटकाए.
गुजरात टाइटन्स के ऐसे गिरे विकेट्स:
पहला विकेट- ऋद्धिमान साहा 4 रन (5/1)
दूसरा विकेट- साई सुदर्शन 20 रन (32/2)
तीसरा विकेट- हार्दिक पंड्या 28 रन (91/3)
चौथा विकेट- शुभमन गिल 45 रन (121/4)
पांचवां विकेट- अभिनव मनोहर 27 रन (166/5)
छठा विकेट- डेविड मिलर 46 रन (175/6)
सातवां विकेट- राशिद खान 1 रन (176/7)
