चेन्नई
राहुल चाहर और हरप्रीत बराड़ की शानदार फिरकी के बाद बल्लेबाजों के संयमित खेल से पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को हराते हुए टूर्नामेंट में चौथी जीत दर्ज कर ली। चेन्नई सुपरकिंग्स की हार के साथ टूर्नामेंट और भी खुल गया है। पॉइंट्स टेबल में प्लेऑफ के लिए रोमांचक रेस जारी है। मैच की बात करें तो अपने घर एम. चिदंबरम स्टेडियम में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स सिर्फ 162 रन ही बना पाई, जिसमें कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने अकेले 62 रन का योगदान दिया। जवाब में पंजाब किंग्स ने 13 गेंद पहले तीन विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान सैम करन 20 गेंद में 25 रन तो शशांक सिंह 26 गेंद में 25 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पंजाब की प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा
प्लेऑफ के लिहाज से चेन्नई सुपरकिंग्स को ये हार कचोटेगी। अब उसके 10 मैच में 10 पॉइंट ही रह गए हैं। +0.627 नेट रनरेट के साथ चेन्नई पॉइंट्स टेबल पर चौथे नंबर पर बरकरार है जबकि सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स भी 10 पॉइंट्स के साथ क्रमश: पांचवें और छठे क्रम पर है। पंजाब ने अपने 10वें मैच में चौथी जीत हासिल कर आठ पॉइंट्स हासिल कर लिए हैं और उसकी प्लेऑफ की राह अब भी खुली हुई है। अपने बचे चारों मैच जीतकर पंजाब टॉप-4 में पहुंच सकती है, लेकिन -0.062 का NRR उसका सबसे बड़ा दुश्मन है।
बेकार गई रुतुराज की फिफ्टी
कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 48 गेंद में 62 रन बनाकर चेन्नई की इज्जच बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। पंजाब किंग्स के स्पिनर्स के आगे सीएसके की मजबूत बैटिंग लाइन अप धराशायी हो गई। राहुल चाहर और हरप्रीत बराड़ ने दो-दो विकेट चटकाने के अलावा अपने कोटे के चार-चार ओवर में बिना कोई बाउंड्री खाए क्रमश: 16 और 17 रन दिए। बल्लेबाजी के लिए मुश्किल परिस्थितियों में गायकवाड़ ने एक छोर संभाले रखा और 48 गेंद की पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाकर लगातार दूसरा अर्धशतक बनाया। वह इससे साथ ही इस सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उनके नाम 10 मैचों में 509 रन हो गए हैं।
