इस्लामाबाद
पाकिस्तान में चल रही आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान विदेशियों के अपहरण की साजिश रची जा रही है। इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रोविंस (ISKP) इसे अंजाम दे सकता है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। खुफिया एजेंसियों का दावा है कि ISKP के निशाने पर खासतौर से चीनी और अरब देशों के नागरिक हैं। इन देशों के नागरिकों का अपहरण कर फिरौती मांगी जा सकती है। एजेंसियों की इस रिपोर्ट के बाद पाकिस्तान में आईसीसी टूर्नामेंट के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ISKP का एक खूनी इतिहास रहा है और पूर्व में गंभीर हमलों से इस संगठन का नाम जुड़ा है। क्रिकेट के खेल को भी ISKP इस्लाम के खिलाफ बताता रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ISKP बंदरगाहों, एयरपोर्ट, कार्यालयों और रिहायशी इलाकों पर नजर रख रहा है। ये वो जगहें हैं, जहां विदेशी अक्सर आते-जाते हैं। पाकिस्तान में विदेशी नागरिकों पर हमलों का इतिहास रहा है। साल 2009 में लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर जानलेवा हमला हुआ था। ऐसे में इस चेतावनी से पाकिस्तान की बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
क्रिकेट पर रहा है हमलावर
बीते साल 2024 में ISKP से जुड़े अल अजीम मीडिया ने 19 मिनट का वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में दावा किया गया था कि क्रिकेट मुसलमानों के लिए ठीक नहीं है और यह पश्चिमी सभ्यता को हावी करने की कोशिश है। ऐसे में इस खेल को इस्लामी देशों में बंद किया जाना चाहिए। इस गुट ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का समर्थन करने के लिए तालिबान की भी आलोचना की थी। ऐसे में साफ है कि चैंपियंस ट्रॉफी के नौवें संस्करण की मेजबानी कर रहे पाकिस्तान के सामने मुश्किल खड़ी हो गई है।
ISKP ने साल 2024 के मार्च में मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी, जिसमें 137 से ज्यादा लोगों की जान गई थी। इस घटना ने रूस को हिला कर रख दिया था। इससे पहले 2021 में काबुल एयरपोर्ट के बाहर हुए घातक आत्मघाती हमलों की जिम्मेदारी ISKP ने ली थी। इसमें कम से कम 175 नागरिक और 13 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे।
2015 में बना था ये संगठन
ISKP का पूरा नाम इस्लामिक स्टेट खुरासान प्रोविंस है। खुरासान एक ऐतिहासिक क्षेत्र का नाम है, जिसमें आज का अफगानिस्तान, पाकिस्तान और आसपास के इलाके शामिल हैं। ISKP इस क्षेत्र में इस्लामिक स्टेट का संगठन है। यह संगठन 2015 में बना था। यह इस्लामी राज्य स्थापित करने को अपना उद्देश्य कहता है। ISKP पर अफगानिस्तान, पाकिस्तान, रूस और पश्चिमी देशों को हमले का जिम्मेदार रहा है।
