पेरिस
भारतीय जोड़ी मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने पेरिस ओलिंपिक में इतिहास रच दिया है। मनु और सरबजोत ने शूटिंग के 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम शूटिंग इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारत के शूटरों ने कोरियाई जोड़ी को हराया। इससे पहले रविवार को मनु भाकर महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद ओलिंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनी थी, जबकि अब वह एक ही ओलिंपिक में दो मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बन गई हैं।
भारतीय स्टार जोड़ी ने साउथ कोरिया की ली ओन्हो और ओह ऐ जिन की जोड़ी को 16-10 के बड़े अंतर से हराया। यह भारत के लिए ऐतिहासिक पल है। शूटिंग में इससे पहले किसी शूटर ने दो मेडल नहीं जीते थे, लेकिन मनु ने कमाल कर दिया है। इस तरह से मनु भाकर आजादी के बाद एक ही ओलिंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बन गई हैं।
