13.9 C
London
Wednesday, April 1, 2026
Homeखेलमोईन अली ने गेंद से मचाई तबाही, CSK ने लखनऊ को रोमांचक...

मोईन अली ने गेंद से मचाई तबाही, CSK ने लखनऊ को रोमांचक मैच में दी मात

Published on

चेन्नई,

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के छठे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 12 रनों से हरा दिया. सोमवार (3 अप्रैल) को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सीएसके ने 20 ओवर्स में सात विकेट पर 217 रन बनाए थे. जवाब में लखनऊ की टीम सात विकेट पर 205 रन ही बना सकी. सीएसके की जीत के हीरो इंग्लिश क्रिकेटर मोईन अली रहे जिन्होंने चार विकेट हासिल किए.

बड़े टारगेट का पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत काफी धमाकेदार रही थी. काइल मेयर्स और केएल राहुल ने मिलकर 5.3 ओवर्स में ही 79 रनों की साझेदारी कर डाली. इस पार्टनरशिप में कैरेबियाई क्रिकेटर काइल मेयर्स का योगदान काफी ज्यादा था. मेयर्स ने आठ चौके और दो छक्के लगाते हुए सिर्फ 22 गेंदों पर 53 रन बना डाले. मेयर्स का इस आईपीएल में यह लगातार दूसरा अर्धशतक रहा.

…फिर मोईन अली ने दिखाया जादू
मेयर्स ऑफ-स्पिनर मोईन अली की गेंद पर बड़ा शॉट मारने के चक्कर में डेवोन कॉन्वे को कैच दे बैठे. यहां से सीएसके की मुकाबले में शानदार वापसी हुई. मिचेल सेंटनर ने सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर दीपक हुड्डा (2) का विकेट लिया, जो बाउंड्री लाइन पर बेन स्टोक्स के हाथों लपके गए. फिर मोईन अली ने अपने अगले ओवर में केएल राहुल (20) को पवेलियन भेज दिया. क्रुणाल पंड्या (9) को आउट करके मोईन ने अपना तीसरा विकेट लिया.

मोईन अली यहीं नहीं रुके, उन्होंने मार्कस स्टोइनिस को बोल्ड करके अपना चौथा विकेट लिया. लखनऊ का स्कोर पांच विकेट पर 130 रन हो चुका था. यहां से निकोलस पूरन ने कुछ तगड़े हिट्स लगाकर लखनऊ की वापसी कराया. निकोलस को इम्पैक्ट प्लेयर तुषार देशपांड ने बेन स्टोक्स के हाथों कैच आउट कराया. पूरन ने तीन छ्क्कों और दो चौके लगाते हुए 32 रन बनाए.

आखिरी ओवर में बनाने थे 28 रन
निकोलस पूरन जब आउट हुए तो लखनऊ का स्कोर 16 ओवर्स के बाद छह विकेट पर 156 रन था. यहां से के. गौतम (17) और आयुष बदोनी (23) अच्छी साझेदारी करके मैच को आखिरी ओवर्स में ले गए जहां लखनऊ को 28 रनों की जरूरत थी. हालांकि लाख कोशिशों के बावजूद उस ओवर में 15 रन बने और सीएसके ने मुकाबला अपने नाम कर लिया.

कॉन्वे-ऋतुराज ने की शतकीय पार्टनरशिप
चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत काफी तूफानी रही. ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉन्वे ने पहले छह ओवर में ही बिना किसी नुकसान के 79 रन बना दिए. गुजरात टाइटन्स के खिलाफ पहले मैच में 92 रन बनाने वाले गायकवाड़ ने उस लय को कायम रखा, वहीं कीवी खिलाड़ी कॉन्वे ने उनका पूरा साथ दिया. तेज गेंदबाज आवेश खान ने पारी दूसरे ओवर की पहली चार गेंद में ही 16 रन दे डाले. फिर गायकवाड़ ने पांचवें ओवर में कृष्णप्पा गौतम को तीन छक्के लगाए. चेन्नई के 100 रन आठवें ओवर में ही बन गए थे.

पारी के दसवें ओवर की पहली गेंद पर रवि बिश्नोई ने ऋतुराज गायकवाड़ को मार्क वुड के हाथों कैच आउट कराकर लखनऊ को पहली सफलता दिलाई. ऋतुराज गायकवाड़ ने 31 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे. ऋतुराज और डेवोन कॉन्वे ने 110 रनों की साझेदारी की.अगले ओवर में डेवोन कॉन्वे को मार्क वुड ने अपना शिकार बनाया. कॉन्वे ने 29 गेंदों का सामना करते हुए 47 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे.

इसके बाद शिवम दुबे की तूफानी पारी की बदौलत सीएसके ने 14वें ओवर में ही 150 रनों का आंकड़ा छू लिया. शिवम दुबे ने तीन छक्के और एक चौके की मदद से 27 रनों की पारी खेली. रवि बिश्नोई ने शिवम दुबे को मार्क वुड के हाथों लपकवाया. शिवम दुबे के बाद सीएसके ने मोईन अली (19) और बेन स्टोक्स (8) का भी विकेट खो दिया. मोईन अली को बिश्नोई, जबकि स्टोक्स को आवेश खान ने चलता किया.

धोनी ने लगातार दो छक्के लगाए
उधर, अंबति रायडू (नाबाद 27 रन) ने कुछ बड़े हिट्स लगाकर सीएसके को 200 के पार पहुंचाया. हालांकि रवींद्र जडेजा तीन रन बनाकर मार्क वुड का शिकार बन गए. फिर बैटिंग करने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आए और उन्होंने लगातार दो छक्के जड़कर चेन्नई के गढ़ चेपॉक में दर्शकों को रोमांचित कर दिया. हालांकि धोनी मार्क वुड को तीसरा छक्का जड़ने के प्रयास में तीन गेंद पर 12 रन बनाकर आउट हो गए. लखनऊ की ओर से मार्क वुड और रवि बिश्नोई ने 3-3 विकेट लिए.

Latest articles

प्रदेश सरकार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर नागरिकों के जीवनस्तर को बेहतर बनाने प्रयासरत : कृष्णा गौर

गोविंदपुरा विधान सभा क्षेत्र को मिली 83 लाख की सौगात भोपाल। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक...

भेल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, शीर्ष प्रबंधन में की गईं महत्वपूर्ण नियुक्तियां

नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की दिग्गज कंपनी भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) ने अपने...

MP में कांग्रेस को झटका: दतिया विधायक राजेंद्र भारती तिहाड़ जेल भेजे गए, 25 साल पुराने बैंक घोटाले में दोषी करार

दतिया। मध्यप्रदेश (MP) में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दतिया से कांग्रेस विधायक...

School chale hum: शासकीय स्कूलों में ड्रॉप आउट की संख्या शून्य, बच्चों को दिया जाएगा प्रवेश

शासकीय स्कूलों के प्रति अभिभावकों और बच्चों का बढ़ा आकर्षण: मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री...

More like this

बीएचईएल स्पोर्ट्स क्लब में 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ

भोपाल। 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ भेल खेल प्राधिकरण बैडमिंटन कोर्ट, बरखेड़ा...

टी-20 वर्ल्ड कप: भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीता

अहमदाबाद। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से...