नई दिल्ली,
सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर अपनी चमक बिखेरी और धांसू अंदाज में शतक जड़कर अपनी मुंबई इंडियंस (MI) टीम को दमदार जीत दिलाई. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 सीजन में मुंबई ने सोमवार (6 मई) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मुकाबला खेला. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में MI टीम ने 7 विकेट से धांसू जीत दर्ज की. मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद टीम ने 174 रनों का टारगेट दिया. जवाब में मुंबई ने 3 विकेट गंवाकर 17.2 ओवर में ही मैच जीत लिया.
सूर्या ने खेली मैच विनिंग नाबाद शतकीय पारी
मुंबई टीम के लिए सूर्यकुमार यादव ने 51 गेंदों पर 102 रनों की नाबाद पारी खेली. उन्होंने इस दौरान 6 छक्के और 12 चौके जमाए. जबकि तिलक वर्मा ने 32 गेंदों पर नाबाद 37 रन जड़े.सूर्या और तिलक के बीच चौथे विकेट के लिए 79 गेंदों पर नाबाद 143 रनों की पार्टनरशिप हुई. हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर कुमार, पैट कमिंस और मार्को जानसेन ने 1-1 विकेट लिया.
पंड्या और पीयूष के आगे हैदराबाद टीम ढेर
मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद टीम ने 8 विकेट गंवाकर 173 रन बनाए. टीम के लिए ओपनर ट्रेविस हेड ने 30 गेंदों पर सबसे ज्यादा 48 रनों की पारी खेली. जबकि नीतीश रेड्डी ने 20 रन बनाए. आखिर में कप्तान पैट कमिंस ने मोर्चा संभाला और 17 गेंदों पर नाबाद 35 रन जड़ दिए. इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज अपनी छाप नहीं छोड़ सका.
दूसरी ओर मुंबई के गेंदबाजों ने मुकाबले में दमदार जलवा बिखेरा. कप्तान और तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और स्पिनर पीयूष चावला ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट झटके. जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अंशुल कम्बोज ने 1-1 विकेट हासिल किया.
पिछले मैच में हैदराबाद ने दी थी करारी शिकस्त
पैट कमिंस की कप्तानी वाली हैदराबाद टीम इस सीजन में अब तक 3 बार 250 से ज्यादा का स्कोर बना चुकी है. दोनों टीमों के बीच इस सीजन में यह दूसरा मुकाबला रहा. पिछला मैच 27 मार्च को हुआ था, तब हैदराबाद ने 3 विकेट पर 277 रनों का रिकॉर्ड स्कोर बनाया था. जवाब में मुंबई ने भी 5 विकेट पर 246 रन जड़ दिए थे. मगर यह मैच जीतकर मुंबई ने बदला पूरा कर लिया है.
