मुंबई
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने हार की हैट्रिक लगा दी है। उसे गुजरात जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में 11 रनों से हार मिली। इससे पहले आरसीबी को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस से भी हार मिली थी। टूर्नामेंट के इस छठे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 7 विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में आरसीबी की टीम 190 रन ही बना सकी। टूर्नामेंट में यह गुजरात जायंट्स की पहली जीत ही है। इससे पहले दोनों मुकाबलों में उन्हें हार मिली थी।
सोफिया डंकली की तूफानी बैटिंग
सोफिया डंकली (65) और हरलीन देओल (67) के अर्धशतकों की मदद से गुजरात जायंट्स ने 200 से ज्यादा रन बनाए। ब्रेबोर्न स्टेडियम पर लगातार तीसरे मैच में आरसीबी के गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए और दूसरी बार विरोधी टीम ने 200 के पार का स्कोर बनाया। डंकली ने सिर्फ 28 गेंद में 11 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 65 रन बनाये। यह महिला प्रीमियर लीग का सबसे तेज अर्धशतक था और उनका स्ट्राइक रेट 232 का रहा। दूसरी ओर देओल ने 45 गेंद में 67 रन बनाये जिसमें नौ चौके और एक छक्का शामिल था।
देओल को अपनी पारी में दो जीवनदान भी मिले। प्रीति बोस ने उनका कठिन कैच उस समय छोड़ा जब वह 61 रन पर थी। इसके बाद रिचा घोष ने आसान स्टम्पिंग का मौका भी गंवाया। एस मेघना पहले ओवर में एक भी रन नहीं बना सकी। इसके बाद डंकली ने दूसरे ओवर में एलिसे पैरी को चौका लगाया और तीसरे ओवर में मेगान शट को लगातार चौके जड़े। इसके बाद मेघना ने तीसरे ओवर में पैरी को चौका लगाया लेकिन आखिरी गेंद पर विकेट के पीछे रिचा को कैच दे बैठी।
डंकली ने रेणुका सिंह का स्वागत छक्के के साथ किया। उन्होंने आरसीबी की स्पिनर बोस को पांचवें ओवर में चार चौके और एक छक्का लगाकर 23 रन निकाले। इसके साथ ही उन्होंने 18 गेंद में अपना पचासा पूरा किया जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल थे। उन्होंने श्रेयांका पाटिल को छक्का और चौका लगाकर देओल के साथ सिर्फ 26 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। पाटिल ने ही हालांकि उन्हें लॉन्ग आफ पर हीथर नाइट के हाथों लपकवाकर उनकी पारी का अंत किया। इसके बाद देओल और एशले गार्डनर (19) ने अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। देओल ने पैरी को चौका लगाया जबकि 12वें ओवर में शट को एक छक्का और एक चौका जड़ा। नाइट ने गार्डनर को आउट किया। गार्डनर और देओल ने 36 गेंद में 53 रन जोड़े।
