चेन्नई,
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) एक बार फिर जीत की पटरी पर लौट आई है. लगातार 2 हार के बाद चेन्नई टीम ने जीत दर्ज की. उन्होंने रविवार (28 अप्रैल) को खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 78 रनों से करारी शिकस्त दी.इस जीत के साथ ही चेन्नई टीम ने पॉइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाई है. यह टीम छठे नंबर से छलांग लगाकर तीसरे पायदान पर पहुंच गई है. चेन्नई टीम ने अब तक अपने 9 में से 5 मुकाबले जीते हैं.
दूसरी ओर पैट कमिंस की कप्तानी वाली सनराइजर्स को हार के बाद बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है. ये टीम फिसलकर चौथे नंबर पर आ गई है. सनराइजर्स टीम ने अब तक अपने 9 में से 5 मुकाबले जीते हैं.चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 213 रनों का टारगेट सेट किया. जवाब में हैदराबाद टीम 18.5 में 134 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया. सनराइजर्स के लिए एडेन मार्करम ने 32 और हेनरिक क्लासेन ने 20 रन बनाए.
इन दोनों के अलावा सनराइजर्स टीम का कोई भी 20 रनों का आंकड़ा नहीं छू सका. चेन्नई टीम के लिए तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने कहर बरपाती गेंदबाजी की और सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए. जबकि मथीशा पथिराना और मुस्ताफिजुर रहमान ने 2-2 सफलता हासिल की. शार्दुल ठाकुर और रवींद्र जडेजा को 1-1 विकेट मिला.
हैदराबाद की पारी का स्कोरकार्ड: (134 रन, 18.5 ओवर)
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए चेन्नई टीम ने 3 विकेट पर 212 रन बनाए. ऋतुराज गायकवाड़ ने कप्तानी पारी खेली और 54 गेंदों पर ताबड़तोड़ अंदाज में 98 रन बनाए. वो अपने लगातार दूसरे शतक से चूक गए. गायकवाड़ ने 3 छक्के और 10 चौके जमाए.उनके अलावा डेरेल मिचेल ने 32 गेंदों पर 52 रनों की तूफानी पारी खेली. जबकि आखिर में शिवम दुबे ने 20 गेंदों पर नाबाद 39 रन जड़ दिए. हैदराबाद टीम के लिए कोई भी गेंदबाज अपनी छाप नहीं छोड़ सका. भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन और जयदेव उनादकट ने 1-1 विकेट हासिल किया.
चेन्नई की पारी का स्कोरकार्ड: (212/3, 20 ओवर)
चेन्नई ने SRH से लिया पिछली हार का बदला
हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई टीम का रिकॉर्ड बेहद दमदार है. दोनों टीमें जब भी आमने-सामने आई हैं, तब चेन्नई का ही दबदबा रहा है. अब तक चेन्नई और हैदराबाद के बीच 21 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें चेन्नई ने 15 मैच जीते हैं. जबकि हैदराबाद ने 6 मैचों में ही जीत दर्ज की है.इस सीजन में दोनों टीमों के बीच यह दूसरा मुकाबला रहा. इससे पहले 5 अप्रैल को चेन्नई और हैदराबाद के बीच टक्कर हुई थी. जिसमें हैदराबाद ने चेन्नई को 165 रनों पर रोककर 18.1 ओवर में ही 6 विकेट से मैच जीत लिया था. ऐसे में चेन्नई ने यह मैच जीतकर उस हार का बदला भी ले लिया है.
