आंध्र प्रदेश के श्री हरिकोटा स्पेस सेंटर से शुक्रवार को दोपहर 2.35 मिनट पर चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण सफल रहा। वैज्ञानिकों की इस बड़ी उपलब्धि पर भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने खुशी जताते हुए ट्वीट कर उन्हें बधाई दी। सचिन ने ट्वीट कर लिखा, ‘इसरो के पेलोड में 1.4 अरब भारतीयों के सपने, गर्व और विश्वास हैं। चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण हम सभी के दिलों को गर्व से चौड़ा कर रहा है। हमारे सभी वैज्ञानिकों को उनके अथक प्रयासों के लिए बधाई। सभी भारतीयों के लिए यादगार दिन। जय हिन्द।
चंद्र मिशन के तहत चांद पर भेजा गया चंद्रयान-3 पांच अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश करेगा। चंद्रयान-3 को एलवीएम3-एम4 रॉकेट से लॉन्च किया गया। यह अपनी तरह का सबसे लंबा और भारी रॉकेट है। इस रॉकेट का नाम ‘फैट ब्वॉय’ है। इसरो के वैज्ञानिकों के लिए यह मिशन का तकनीकी रूप से सबसे चुनौतीपूर्ण होने वाला है क्योंकि इस बार रोवर को सॉफ्ट लैंडिंग कराने की तैयारी है।
इस मिशन के तहत चंद्रयान-3 अगले 42 दिनों में 30,00,00 किमी से अधिक की दूरी तय करते हुए यह चंद्रमा तक पहुंचेगा। इसरो के वैज्ञानिकों की इस उपलब्धि पर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जताते हुए कहा, ‘भारतीय अंतरिक्ष के क्षेत्र में 14 जुलाई 2023 का दिन हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा तथा यह राष्ट्र की आशाओं और सपनों को आगे बढ़ाएगा।’
