मुंबई
भारतीय टीम श्रीलंका (IND vs SL) के खिलाफ मुंबई में टी20 सीरीज का पहला मैच खेल रही है। श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की आधी टीम 94 रनों पर ही आउट हो गई थी। लेकिन इसके बाद भी टीम 163 रनों तक पहुंचने में सफल रही। इस मुकाबले में भारत के लिए दो खिलाड़ियों ने डेब्यू किया। तेज गेंदबाज शिवम मावी के साथ ही शुभमन गिल पहली बार टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने मैदान पर उतरे।
मावी को पहले ही ओवर में विकेट
शिवम मावी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने पहले ही ओवर में विकेट ले लिया। उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर कुसल मेंडिस ने उनके खिलाफ चौका लगाया। चौथी गेंद पर उन्होंने एक रन लिया। इसके बाद पाथुम निसांका स्ट्राइक पर आए। शिवम मावी ने उन्हें इन-स्विंग गेंद डाली। आगे की गेंद को निसांका ने ड्राइव करने की कोशिश की लेकिन वह उनके बैट और पैड के बीच से होते हुए विकेट पर जाकर लगी।
Maiden Wicket for Shivam Mavi! What a Ball. pic.twitter.com/BrMH20s7cX
— 𝐘 𝐎 𝐆 𝐄 𝐒 𝐇 🍃 (@ro45phile) January 3, 2023
दूसरे ओवर में भी शिकार
शिवम मावी को दूसरे ओवर में भी विकेट मिला। इस ओवर में भी उन्हें लगातार दो चौके पड़े। तीसरी और चौथी गेंद पर धनंजया डी सिल्वा ने उन्हें चौके जड़े। लेकिन 5वीं गेंद पर उन्होंने दमदार वापसी की। धनंजया ने गेंद को फ्लिक करने की कोशिश लेकिन लेकिन वह उनके बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर मिड ऑन पर फील्डिंग कर रहे संजू सैमसन के हाथों में चली गई।
हुड्डा और अक्षर की बड़ी साझेदारी
भारत ने तीन मैचों की सीरीज के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 162 रन बनाये। भारत के लिए दीपक हुड्डा ने सबसे ज्यादा नाबाद 41 रन बनाये। अक्षर पटेल ने नाबाद 31 और सलामी बल्लेबाज इशान किशन ने 37 रन का योगदान दिया। हुड्डा और अक्षर के बीच छठे विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी हुई।
