हैदराबाद
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज रजत पाटीदार का बल्ला सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जमकर बोला है। उन्होंने महज 19 गेंद पर अपनी तूफानी फिफ्टी ठोक डाली। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की है। आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।
ऐसे में बेंगलुरु के स्टार टॉप ऑर्डर बल्लेबाज रजत पाटीदार ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से कोहराम मचा दिया। उन्होंने सनराइजर्स के गेंदबाजों की हवा निकाल दी। खासकर उन्होंने मयंक मार्कंडेय के एक ओवर में 4 छक्के लगाकर महफिल लूट ली।
मयंक मार्कंडेय को पाटीदार ने एक ओवर में लगाए 4 छक्के
दरअसल, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पारी का 11वां ओवर सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय डाल रहे थे। उनके ओवर की दूसरी गेंद पर स्ट्राइक पर रजत पाटीदार थे। मयंक ने पहले तो वाइड गेंद डाली। इसके बाद अगली 4 गेंदों पर जो हुआ वो शायद किसी ने सोचा नहीं होगा। अगली 4 गेंद पर पाटीदार ने 4 छक्के ठोक डाले। उन्होंने मार्कंडेय की मार-मारकर हवा निकाल दी। उस ओवर में कुल मयंक मार्कंडेय को 27 रन पड़े।
पाटीदार ने 19 गेंद में ठोका फिफ्टी
रजत पाटीदार ने सिर्फ 19 गेंदों का सामना कर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। हालांकि वह अपनी फिफ्टी जड़ने के बाद अगली गेंद पर ही आउट हो गए। उन्होंने 20 गेंदों का सामना कर 250 के तूफानी स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 5 छक्के और 2 चौके की मदद से 50 रन बनाए।
