नई दिल्ली,
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत में अपनी टीम भेजने को लेकर अभी भी आशंकित है. पीसीबी ने कहा है कि वीजा के लिए अभी भी वो अपनी सरकार के फैसले पर निर्भर है. लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) है कि वो अब भी इस बात पर अड़ा है कि पाकिस्तान टीम भारत दौरे पर जरूर आएगी. दरअसल, ICC को यकीन है कि बाबर आजम की कप्तानी वाली टीम भारत में वर्ल्ड कप खेलेगी.ICC ने मंगलवार को 5 अक्टूबर से 19 नवंबर तक होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी किया है. इसके साथ ही कुछ टीमों के खिलाफ पाकिस्तान के मैच चेन्नई और बेंगलुरु में कराने का PCB का अनुरोध भी ठुकरा दिया है.
आईसीसी ने नहीं मानी पाकिस्तान की बात
पीसीबी चेन्नई की टर्निंग पिच पर अफगानिस्तान से और बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया से मैच नहीं खेलना चाहता. पीसीबी ने ICC और BCCI से अफगानिस्तान के खिलाफ अपने मैच को चेन्नई से बेंगलुरु और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच को बेंगलुरु से चेन्नई में पुनर्निर्धारित करने के लिए कहा था. पाकिस्तान टीम प्रबंधन को चिंता थी कि चेपॉक (चेन्नई) में पिच स्पिनरों की मददगार होती है और ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ टीम को नुकसान होगा, जिसके पास शानदार स्पिन गेंदबाज है.
ICC ने हालांकि पाकिस्तान की किसी भी आपत्ति या अनुरोध पर ध्यान नहीं दिया और यहां तक कि सेमीफाइनल मुकाबला भी मुंबई और कोलकाता में निर्धारित किया है. पीसीबी ने आईसीसी को बताया था कि वह राजनीतिक और राजनयिक कारणों से मुंबई में खेलने में सहज नहीं है.
आईसीसी द्वारा पाकिस्तान के अनुरोध पर विचार नहीं करना पहले से अपेक्षित था क्योंकि यह आम तौर पर संभावित सुरक्षा खतरे पर ही आयोजन स्थलों के बदलने पर विचार किया जाता है. पीसीबी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 17 जुलाई तक स्थगित हो गए हैं. ऐसे में यह देखना बाकी है कि बोर्ड विश्व कप कार्यक्रम की घोषणा पर क्या प्रतिक्रिया देता है.
पाकिस्तानी टीम को नहीं मिली NOC
वर्ल्ड कप के शेड्यूल की घोषणा के बाद PCB ने साफ तौर पर कहा कि उसका खेलना सरकार से मंजूरी मिलने पर निर्भर करता है. पीसीबी के एक अधिकारी ने कहा, ‘वर्ल्ड कप में हमारा खेलना और 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में या सेमीफाइनल में पहुंचने पर मुंबई में खेलना सरकार से मंजूरी मिलने पर निर्भर करता है.’
उन्होंने कहा कि अब तक सरकार ने पीसीबी को भारत की यात्रा के लिए कोई NOC (अनापत्ति प्रमाण पत्र) जारी नहीं की है. यह एक संवेदनशील मुद्दा है इसलिए बोर्ड अपनी सरकार से स्पष्ट निर्देश मिलने के बाद ही आगे बढ़ सकता है. उन्होंने याद दिलाया, ‘हमने ICC को पहले ही सूचित कर दिया है कि टूर्नामेंट में हमारी भागीदारी या आयोजन स्थलों पर कोई भी मुद्दा भारत की यात्रा के लिए सरकार से मंजूरी मिलने से जुड़ा है.’
भारत जरूर आएगी पाकिस्तान टीम
वहीं, ICC के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘सभी सदस्यों को अपने देश के कानून का पालन करना है और हम उसका सम्मान करते हैं. लेकिन हमें यकीन है कि पाकिस्तानी टीम वनडे वर्ल्ड कप खेलने के लिए भारत जरूर आएगी.’ पाकिस्तान टीम आखिरी बार 2016 में भारत दौरे पर आई थी, तब टी20 वर्ल्ड कप खेला था.
PAK ने भारत में 2016 टी20 वर्ल्ड कप में खेला था
पीसीबी की क्रिकेट प्रबंधन समिति के दो पूर्व सदस्यों द्वारा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सोमवार को बलूचिस्तान उच्च न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश जारी किया गया. इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भ्रम की स्थिति बनी हुई है कि वह विश्व कप कार्यक्रम पर क्या प्रतिक्रिया दे.मौजूदा समय में बोर्ड का संचालन अंतरिम अध्यक्ष अहमद शहजाद फारूक राणा कर रहे हैं. अध्यक्ष पद के लिए नामांकित जका अशरफ को आधिकारिक तौर पर कार्यभार संभालने के लिए ‘बोर्ड ऑफ गवर्नर्स’ के मत जीतने होंगे.
