नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग के 2023 सत्र पर मैच फिक्सिंग का साया मंडराते नजर आ रहा है। एक व्यक्ति ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम से जुड़ी जानकारी के बदले में मोटी रकम देने का ऑफर दिया था। तेज गेंदबाज ने तत्काल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की भ्रष्टाचार निरोधक ईकाई (एसीयू) को जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने आईपीएल के पिछले मैच में भारी पैसा हारने के बाद उनकी टीम की अंदरूनी जानकारी के लिए उनसे संपर्क किया था। सिराज ने फोन आने के बाद तुरंत एसीयू अधिकारियों को इसकी सूचना दी। बोर्ड के एक सूत्र ने बताया, ‘जिसने सिराज से संपर्क किया वह सटोरिया नहीं था। वह मैचों पर सट्टा लगाने का आदी हैदराबाद का एक ड्राइवर था।
अधिकारी की ओर से बताया गया कि उसने काफी पैसा गंवा दिया था इसलिए उसने अंदरूनी जानकारी के लिए सिराज से संपर्क किया और बड़ी रकम का ऑफर दिया था। सिराज ने तुरंत इसकी सूचना दी। उस व्यक्ति को पकड़ लिया गया है और विस्तार से जानकारी का इंतजार है। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि इस तरह की खबर सामने आई है। इस सीजन में देश के तमाम जगहों से सट्टेबाजों के गिरफ्तार होने की खबर आती रही हैं।
उल्लेखनीय है कि आईपीएल में फिक्सिंग को लेकर ही पूर्व तेज गेंदबाज शांताकुमार श्रीसंत, अकिंत चव्हाण और अजीत चंदीला को गिरफ्तार किया गया था। उनके अलावा एमएस धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम के पूर्व प्रिंसिपल गुरुनाथ मयप्पन भी लपेटे में आए थे। उनकी गिरफ्तारी हुई थी। भ्रष्टाचार के मामले की वजह से ही चेन्नई और राजस्थान को दो वर्ष के लिए बैन कर दिया गया था। बता दें कि ऐसे ही एक मामले में बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन को 2021 में निलंबित किया गया था। उन्होंने आईपीएल के दौरान ऐसे ही एक मामले की जानकारी नहीं दी थी।
