दुबई:
चैंपियंस ट्रॉफी में दुबई के मैदान पर भारत और ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला हो रहा है। यह टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल भी है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने इस मैच में टॉस जीता। उन्होंने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत के सामने इस मैच में एख बार फिर ट्रेविस हेड हैं। हेड ने टीम इंडिया को आईसीसी इवेंट के नॉकआउट में काफी परेशान किया है। इस मैच में भी वह भारत के लिए टेंशन बनना शुरू हो गए थे।
वरुण चक्रवर्ती का बन गए शिकार
मोहम्मद शमी, हार्दिक पंड्या और कुलदीप यादव के खिलाफ आसानी से रन बनाने वाले ट्रेविस हेड वरुण चक्रवर्ती का शिकार बन गए। 9वें ओवर में कप्तान रोहित ने वरुण को गेंद थमाई। उनकी राउंड द विकेट गेंद को हेड ने सामने की तरफ उड़ाना चाहा लेकिन गेंद ठीक से बल्ले पर नहीं आई। लॉन्ग ऑफ पर फील्डिंग कर रहे शुभमन गिल ने भागते हुए गेंद को लपक लिया। 33 गेंदों पर हेड ने 39 रनों की पारी खेली।
वरुण के खिलाफ पहले बार खेले
ट्रेविस हेड ने अभी तक किसी भी प्रकार की क्रिकेट में वरुण चक्रवर्ती का सामना नहीं किया था। दोनों खिलाड़ी पहली बार आमने सामने थे। वरुण ने पहली ही गेंद पर हेड को आउट कर दिया। हेड बड़ा शॉट खेलकर उनपर दबाव बनाना चाह रहे थे लेकिन सफलता नहीं मिली। पिछले मैच में वरुण चक्रवर्ती ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया था।
स्ट्रगल के बाद किया अटैक
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पर ट्रेविस हेड मैदान पर उतरे तो हाथ नहीं खोल पा रहे थे। पहले तीन ओवर में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज हार्दिक पंड्या और मोहम्मद शमी ने उन्हें बांंधकर रखा था। लेकिन फिर हेड ने हाथ खोलने शुरू किए। चौथे ओवर में हार्दिक पंड्या को उन्होंने एक छक्का और एक चौका मारा। अगले ओवर में मोहम्मद शमी के खिलाफ हैट्रिक चौका लगा दिया। हालांकि इस दौरान मोहम्मद शमी ने उनका कैच छोड़ा। रविंद्र जडेजा के थ्रो पर रन आउट होने से बाल-बाल बच गए।
