नई दिल्ली:
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपनी गेंदबाजी से सनसनी मचाने वाले वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमार जोसेफ की इंडियन प्रीमियर लीग में एंट्री हो गई है। शमार जोसेफ को केएल राहुल की कप्तानी वाली लखनऊ सुपरजाइंट्स की टीम ने अपने साथ जोड़ा है। लखनऊ की टीम ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड की जगह शमार को रिप्लेसमेंट के तौर पर लिया है। शमार ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में अपनी गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया था।
बता दें कि शमार जोसेफ गुयाना के एक छोटे से शहर में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे। हालांकि, क्रिकेट में उनकी रुचि ने उन्हें वेस्टइंडीज की टीम में जगह दिलाई। शमार को ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर टीम में जगह मिली और वहां पर वह अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से छा गए।
खास तौर से दूसरे टेस्ट मैच में जो कि पिंक बॉल से डे नाइट टेस्ट मैच खेला गया था। इस मैच में शमार चमत्कारिक गेंदबाजी से बाजी को पूरी तरह से पलट दिया। शमार ने दूसरी पारी में अकेले 7 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को ऐसा जख्म दिया जो वह कभी नहीं भूल पाएगी। शमार की ऐतिहासिक गेंदबाजी से वेस्टइंडीज की टीम ऑस्ट्रेलिया को पिंक बॉल टेस्ट में हराने वाली पहली टीम बनी।ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शमार जोसेफ ने दो टेस्ट मैच में कुल 13 विकेट अपने नाम किए। उनकी इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज भी चुना गया। वहीं अब उन्हें आईपीएल में भी मौका मिल गया है।
