मीरपुर
भारतीय टीम ने जैसे तैसे बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच जीत लिया। टीम को आखिरी पारी में जीत के लिए 145 रनों का लक्ष्य मिला था। सिर्फ 74 रन पर 7 बल्लेबाज आउट हो गए। इसके बाद टीम की हार पक्की दिखने लगी थी। लेकिन फिर श्रेयस अय्यर और रविचंद्रन अश्विन ने 71 रनों की नाबाद साझेदारी बनाकर टीम इंडिया को जीत दिला दी। बांग्लादेश के लिए ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज ने 5 विकेट लिये।
विराट ने दिया स्पेशल गिफ्ट
बांग्लादेश के 25 साल के ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज के लिए यह दौरा बेहद खास रहा। अब दौरा समाप्त होने के बाद मेहदी को भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने स्पेशल गिफ्ट दिया है। विराट ने मिराज को अपने वनडे जर्सी गिफ्ट की। इसपर अपना ऑटोग्राफ देने के साथ ही विराट ने उन्हें शुभकामनाएं भी दी हैं। मेहदी ने सोशल मीडिया पर इसकी फोटो शेयर की है।
भारतीय टीम को जमकर किया परेशान
मेहदी हसन मिराज के लिए भारत का बांग्लादेश दौरा यादगार रहा। उन्होंने वनडे सीरीज के पहले मैच में 9 विकेट गिरने के बाद अपनी टीम को जीत दिलाई। सीरीज के दूसरे मैच में उन्होंने शतकीय पारी खेली थी। इसके अलावा गेंदबाजी में भी उन्होंने 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। बांग्लादेश ने तीन मैच की सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया था। मेहदी को पहले दोनों मैचों में मैन ऑफ द मैच और फिर मैन ऑफ द सीरीज चुना गया था।
टेस्ट सीरीज में वह सबसे ज्यादा 11 विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। मीरपुर टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने विराट कोहली के अलावा शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, अक्षर पटेल और ऋषभ पंत को आउट किया। एक समय वह अपनी टीम को भारत के खिलाफ पहली टेस्ट जीत के करीब ले जाते दिख रहे थे। लेकिन अश्विन और अय्यर की साझेदारी ने उनका सपना तोड़ दिया। 37 टेस्ट खेलने वाले मिराज 146 विकेट ले चुके हैं। इसके अलावा वनडे में उनके नाम 79 और टी20 में 8 विकेट हैं।
