धर्मशाला
इंग्लैंड के खिलाफ धर्मशाला टेस्ट मैच में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने गेंदबाजों को खून के आंसू रुला दिए। अंतिम टेस्ट मैच के दूसरे दिन रोहित ने लंच ब्रेक से ठीक पहले टेस्ट में अपना 12वां शतक पूरा किया था। रोहित की बल्लेबाजी से इंग्लैंड के खिलाड़ी बेदम हो गए थे। रोहित को शुभमन गिल का भी साथ मिला। शुभमन ने भी रोहित के साथ टेस्ट में अपना चौथा शतक पूरा किया। इस तरह लंच ब्रेक तक टीम इंडिया ने सिर्फ 1 विकेट के नुकसान पर 264 रन बना लिए।
लंच के बाद एक बार फिर रोहित शर्मा और शुभमन की जोड़ी बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरी, लेकिन इस बार मेहमान टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने अपनी बॉलिंग से हिटमैन को छका दिया। रोहित ऑफ स्टंप से चूके और बोल्ड हो गए। इस तरह वह 162 गेंद में 103 रन बनाकर आउट हो गए। अपनी इस पारी में उन्होंने 13 चौके और 3 बेहतरीन छक्के भी लगाए।
𝐈𝐍𝐒𝐓𝐀𝐍𝐓 𝐈𝐌𝐏𝐀𝐂𝐓 ft. skipper Stokes 🤯#IDFCFirstBankTestSeries #BazBowled #INDvENG #JioCinemaSports pic.twitter.com/DPHz8Bfdvl
— JioCinema (@JioCinema) March 8, 2024
रोहित के सम्मान में झुके अंग्रेज
रोहित शर्मा को जैसे ही बेन स्टोक्स ने आउट किया, इंग्लैंड के खिलाड़ी और धर्मशाला में मौजूद मेहमान टीम के सपोटर्स ने चैन की सांस ली। इस तरह रोहित शर्मा जब आउट होकर पवेलियन की तरफ बढ़े तो उनकी दमदार बल्लेबाजी के लिए उन्होंने झुककर उनके खेल का अभिवादन करते हुए उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दिया।
इंग्लैंड ने पहली पारी में बनाए थे 218 रन
इंग्लैंड की टीम ने भारत के खिलाफ धर्मशाला टेस्ट मैच में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। हालांकि मेहमान टीम अपनी बल्लेबाजी में कुछ खास कमाल नहीं कर पाई और सिर्फ 218 रन बनाकर सिमट गई। टीम इंडिया के लिए इस पारी में स्पिनर कुलदीप यादव ने अपना पंजा खोला। वहीं अपना 100वां टेस्ट मैच खेलने वाले रविचंद्रन अश्विन ने भी 4 विकेट झटके जबकि रविंद्र जडेजा के खाते में एक विकेट आया।
