राजकोट
यशस्वी जायसवाल का दोहरा शतक और रविंद्र जडेजा के पंजे से भारत ने राजकोट टेस्ट मैच के चौथे दिन इंग्लैंड को 434 रन से हरा दिया। मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को चौथी पारी में 557 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था, जिसके जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 122 रन के स्कोर पर सिमट गई। टीम इंडिया की इस जीत पर पूर्व ओपनर बल्लेबाज वसीम जाफर ने ट्वीट कर अपनी खुशी जाहिर करते हुए एक बार फिर इंग्लैंड को आड़े हाथों लिया।
वसीम जाफर ने ट्वीट कर लिखा, ‘मेरे लिए भारतीय टीम की यह सबसे बड़ी जीत में से एक है। जीत के अंतर से यह पता नहीं चलेगा कि भारत को पूरे टेस्ट के दौरान किस दबाव से उबरना पड़ा। पहले दिन भारत ने 33 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे फिर इंग्लैंड ने जब बैटिंग की तो उसने 2 विकेट पर 200 रन बनाकर कड़ा जवाब दिया था, लेकिन भारत को हर मोड़ पर एक हीरो मिला। कुछ पुराने, कुछ नए बहुत ही शानदार खेल दिखाया।’टीम इंडिया जब चौथी पारी में इंग्लैंड के सामने 557 रनों का लक्ष्य रखा था तो उस समय भी वसीम ने एक ट्वीट कर मीम्स वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो के कैप्शन के जरिए उन्होंने यूके मीडिया को निशाने पर लिया था।
