11.5 C
London
Sunday, May 10, 2026
Homeराज्ययूपी में आकाशीय बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत, बारिश और...

यूपी में आकाशीय बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत, बारिश और ओलावृष्टि से भारी नुकसान, जानिए शुक्रवार को कैसा रहेगा मौसम

Published on

लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार को बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि होने, आंधी आने और बिजली गिरने की घटना से फिरोजाबाद, सिद्धार्थ नगर, सीतापुर, संतकबीर नगर और अमेठी में सात लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को प्रभावित इलाकों का दौरा करने और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। वहीं, मौसम विभाग ने नेपाल की सीमा से लगे तराई बेल्ट के जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में शुक्रवार को छिटपुट वर्षा की चेतावनी जारी की है।

अपर जिलाधिकारी विशू राजा ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने की पहली घटना तहसील सदर क्षेत्र नारखी थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर में हुई, जिसमें खेत पर काम कर रही महिला ललिता देवी (30) की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। दूसरी घटना थाना जसराना क्षेत्र के गांव चनारी की है, जहां खेत पर काम कर रहे किसान पदम वीर सिंह (32) की आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई।

सिद्धार्थ नगर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 40 वर्षीय श्रमिक घनश्याम की मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि यह घटना गौरा मंगुआ गांव में उस समय हुई जब घनश्याम बारिश में काम के लिए जा रहा था।

सीतापुर में दो व्यक्तियों की मौत
सीतापुर में बिजली गिरने और भारी बारिश से एक दीवार ढहने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बिस्वां थाना अंतर्गत मोछ खुर्द में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे हरिश्चंद्र (25) की मौत हो गई, जबकि सकरान थाना अंतर्गत रसूलपुर गांव में भारी बारिश के चलते एक दीवार ढहने से कुसुमा देवी (55) की मौत हो गई।

संतकबीरनगर में बिजली गिरने से युवती की मौत
संतकबीर नगर में बखिरा थाना क्षेत्र के मलौली गांव में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 19 वर्षीय आरती की मौत हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्वदमन सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे आरती पुत्री बाबूराम खेत में कृषि कार्य कर रही थी, इसी दौरान बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एक अन्य घटना में अमेठी के जंगल राम नगर गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गुरुवार को 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

अमेठी में बिजली गिरने से महिला की मौत
पुलिस के मुताबिक, अमेठी थाना अंतर्गत गांव जंगल राम नगर निवासी प्रभावती (60) खेत में गेहूं की कटाई कराने गयी थीं, जहां मौसम खराब होने पर वह एक पेड़ के पास बैठ गईं, तभी आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी जिसकी चपेट में आकर प्रभावती की मौके पर ही मौत हो गई। अमेठी के थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दिए निर्देश
इन घटनाओं का संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित जिलों के अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ राहत अभियान चलाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को प्रभावित इलाकों का दौरा करने, राहत प्रयासों की कड़ी निगरानी करने और प्रतिकूल मौसम से प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का गुरुवार को निर्देश दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि फसलों को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाए और राज्य सरकार को इसकी रिपोर्ट तुरंत सौंपी जाए। इससे प्रशासन को उचित कार्रवाई करने और प्रभावित किसानों के लिए सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

लखनऊ 11 मिमी बारिश हुई
मौसम कार्यालय ने बताया कि मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 24 से अधिक जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरी। राज्य की राजधानी लखनऊ में 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सुल्तानपुर में 25.2 मिलीमीटर के साथ सबसे भारी बारिश हुई। महत्वपूर्ण वर्षा वाले अन्य जिलों में बाराबंकी (24.8 मिलीमीटर), गाजीपुर (22.6 मिलीमीटर) और गोरखपुर (12.3 मिलीमीटर) शामिल हैं। हरदोई, कानपुर, वाराणसी, बलिया, बहराइच, अमेठी और बस्ती में भी छिटपुट वर्षा दर्ज की गई।

किसानों को मुआवजा दे सरकार-शेखर दीक्षित
राष्ट्रीय किसान मंच ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुए भारी फसल नुकसान पर चिंता जताई है। मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेखर दीक्षित ने मांग की है कि सरकार नुकसान का आकलन करवाकर प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा प्रदान करे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके। मंच के अध्यक्ष ने पत्र में लिखा कि राज्य के कई जिलों में गेहूं, आम और सरसों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को तत्काल राहत राशि देने की मांग की।

Latest articles

तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने विजय, 200 यूनिट फ्री बिजली का पहला ऑर्डर

चेन्नई। टीवीके चीफ सी जोसेफ विजय यानी थलापति विजय आज तमिलनाडु के सीएम पद...

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संकल्प और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से बदल रही है चिरमिरी की तस्वीर

रायपुर। चिरमिरी के एसईसीएल क्षेत्र में रहने वाले लोग पीढ़ियों से कोयले की खदानों...

मुख्यमंत्री की ‘गांव चलो’ मुहिम: जाजोद की गलियों में सुबह-सुबह पहुंचे भजनलाल शर्मा, बच्चों को बांटी चॉकलेट

राजस्थान। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'गांव चली सरकार' अभियान के तहत शुक्रवार...

सुवेंदु अधिकारी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा रहे साक्षी

कोलकाता/जयपुर। पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ गया। भाजपा नेता...

More like this

तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने विजय, 200 यूनिट फ्री बिजली का पहला ऑर्डर

चेन्नई। टीवीके चीफ सी जोसेफ विजय यानी थलापति विजय आज तमिलनाडु के सीएम पद...

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संकल्प और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से बदल रही है चिरमिरी की तस्वीर

रायपुर। चिरमिरी के एसईसीएल क्षेत्र में रहने वाले लोग पीढ़ियों से कोयले की खदानों...

मुख्यमंत्री की ‘गांव चलो’ मुहिम: जाजोद की गलियों में सुबह-सुबह पहुंचे भजनलाल शर्मा, बच्चों को बांटी चॉकलेट

राजस्थान। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'गांव चली सरकार' अभियान के तहत शुक्रवार...