औरंगाबाद
बिहार के औरंगबाद से आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा एक बार फिर से सुर्खियों में आ ही गए। सांसद अभय कुशवाहा का डांस, मस्ती और बार बालाओं से पीछा या कहें कि पिंड नहीं छूट रहा। सांसद बनने के पहले से ही डांस के शौकीन रहे हैं। सांसद बनने के पहले मूड बन जाने पर डांसर्स के साथ डांस करने से भी गुरेज नहीं करते थे। लोकसभा चुनाव के वक्त यानि कि 22 मार्च 2024 को उनका बार बालाओं के साथ डर्टी डांस करने का एक वीडियो वायरल हुआ था। एक बार फिर उसी तरह का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, NBT ऑनलाइन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
सांसद अभय कुशवाहा का एक और वीडियो वायरल
मगर, वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सांसद की गाड़ी में बैठा एक शख्स डांसर को रुपए देते दिखता है। सांसद एक ऐसी जगह से गुजर रहे हैं, जहां स्टेज पर डांस प्रोग्राम हो रहा है। वहां पर बारबाला हाथ हिलाकर सांसद की गाड़ी को रुकने का इशारा करती है। गाड़ी चंद कदम बढ़ रूक जाती है। गाड़ी के रुकते ही गाड़ी में पीछे बैठा एक नेता टाइप का शख्स डांसर के हाथ में रुपए देता है, जिसे वो रख लेती है। यहीं पर वीडियो एंड हो जाता है।
हालांकि, वायरल वीडियो कब का और किस स्थान का है, इसका पता नहीं चल पा रहा है। अब इस वीडियो को देखकर लोग चटकारे ले रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि मंच बच गया। अगर, अभय कुशवाहा सांसद नहीं होते तो जैसे पहले डर्टी डांस कर गर्दा उड़ा देते थे, वैसे ही गर्दा उड़ा देते।
औरंगाबाद से आरजेडी के सांसद हैं अभय कुशवाहा
दरअसल, जेडीयू से आरजेडी में आए पूर्व विधायक अभय कुशवाहा को लालू यादव ने औरंगाबाद लोकसभा सीट से सिंबल थमा दिया था। हालांकि, परंपरागत तौर पर इस सीट पर कांग्रेस की दावेदारी बनती थी। अभय कुशवाहा को आरजेडी से सिंबल मिलते ही उनके बार बालाओं के साथ डर्टी डांस का वीडियो वायरल हुआ था।
