कोझिकोड,
केरल के कोझिकोड में सड़क के किनारे खड़ी एक कैरावैन में दो लोग मृत पाए गए, जिसकी जानकारी पुलिस ने मंगलवार को दी. मृतक की पहचान कैरावैन के ड्राइवर मनोज और जोएल के रूप में हुई है. उनके शव सोमवार शाम को करीमपनपालम में खड़ी कैरावैन में मिले. न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक कथित तौर पर कैरावैन रविवार रात से ही वहां खड़ी थी. घटना के सामने आने के बाद वहां हड़कंप मच गया और लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
घटना की जांच की जा रही है
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है. फोरेंसिक टीमें, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वायड को लगाया गया है. ऐसा कहा जा रहा है कि कन्नूर में एक शादी समारोह में ये कैरावैन गई थी और वहां लोगों को छोड़कर वापस मलप्पुरम जा रही थी, इसी दौरान ये घटना करीमपनपालम में हुई.
अभी कोई सबूत नहीं मिला है
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा कि अभी तक कोई संदिग्ध सबूत नहीं मिला है और आगे की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दी जा सकती है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना का कोई भी चश्मदीद गवाह नहीं मिला है. अधिकारी ने कहा कि जांच के लिए फोरेंसिक और अन्य टीमों की सेवाएं मांगी गई हैं. टीम के विश्लेषण करने के बाद ही इस घटना के किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है.
