रायपुर। विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता को राहत पहुंचाना और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के समाधान शिविर में शामिल हुए। शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से सीधा संवाद कर योजनाओं से मिलने वाले लाभों की जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 के तहत कई उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत प्रदान की गई। शिविर में ग्राम बिटकुली निवासी आशाराम को 11 हजार 625 रुपए, बाबूलाल को 14 हजार 922 रुपए, जगदीश को 9 हजार 832 रुपए, बुधयारिन को 8 हजार 467 रुपए तथा चोवाराम को 13 हजार 325 रुपए की राहत मिली।
हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पहले बढ़े हुए बिजली बिल के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना से अब काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि अब वे बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान कर पा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को राहत और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही है।
