चंडीगढ़/फरीदकोट। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फरीदकोट जिले के गांव हरिए वाला की एक बुजुर्ग महिला से फोन पर बात कर उनकी निस्वार्थ सेवा की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने इस बातचीत का वीडियो गुरुवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। बीती 28 मार्च को फतेहगढ़ साहिब में 109 आम आदमी क्लीनिकों के उद्घाटन के अवसर पर एक विशाल रैली आयोजित की गई थी।
इस रैली में शामिल होने के लिए कोटकपूरा विधानसभा क्षेत्र के गांव हरिए वाला से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता रवाना हुए थे। इन कार्यकर्ताओं के लिए गांव के सरपंच चमकौर सिंह की 68 वर्षीय माता लखबीर कौर ने अपने परिवार की महिलाओं के साथ मिलकर घर पर ही लंगर तैयार किया था। लंगर सेवा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसने मुख्यमंत्री का ध्यान खींचा।
मुख्यमंत्री मान ने लखबीर कौर को फोन कर इस सेवा के लिए विशेष रूप से धन्यवाद दिया। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि वह जल्द ही उनके गांव आएंगे और घर जाकर उनका आशीर्वाद लेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी निस्वार्थ भावना ही पार्टी की असली ताकत है। मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान बुजुर्ग लखबीर कौर ने पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ उठाए जा रहे कदमों की सराहना की।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस मुहिम को और अधिक प्रभावी ढंग से चलाया जाए ताकि पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकाला जा सके और उनका भविष्य सुरक्षित हो सके। लखबीर कौर के बेटे और सरपंच चमकौर सिंह ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पल उनके परिवार के लिए गौरवशाली है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि आम आदमी पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहाँ जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं और साधारण परिवारों की मेहनत को इतना बड़ा सम्मान मिलता है।
