लखनऊ
उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र से ठीक एक दिन पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कैंसर इंस्टीट्यूट का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके बाद सपा मुखिया विधायकों के साथ लखनऊ के फीनिक्स पलासियो मॉल पहुंचे। इस दौरान अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार बजट पेश किया जा रहा है, लेकिन इसका सही उपयोग नहीं हो पा रहा है। सरकार बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में असफल रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बहुत चिंताजनक है और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज बहुत मुश्किल हो गया है।
गोरखपुर की बच्ची को लखनऊ आना पड़ा
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कैंसर संस्थान का उद्देश्य गरीबों को मुफ्त इलाज देना और चिकित्सा शोध करना था, लेकिन सरकार इस संस्थान को ठीक से संचालित नहीं कर पा रही है। उन्होंने गोरखपुर से आई एक बच्ची का भी उल्लेख किया, जिसका सिर में ट्यूमर था, लेकिन बड़े अस्पतालों जैसे एम्स में भी उसका इलाज नहीं हो पाया, जिसके कारण उसे लखनऊ आना पड़ा।
सरकार ने सिर्फ प्रचार पर ध्यान दिया
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार की ओर से आयोजित कुंभ मेले की अव्यवस्थाओं की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि 2013 में कम बजट के बावजूद कुंभ मेले का बेहतर प्रबंधन हुआ था, लेकिन इस बार सरकार ने सिर्फ प्रचार पर ध्यान केंद्रित किया। इसके चलत कई श्रद्धालुओं की जान चली गई। तंज कसते हुए उन्होंने इसे डबल इंजन नहीं, बल्कि डबल ब्लंडर सरकार करार दिया है।
बीजेपी नाम बदलकर लेना चाहती है श्रेय
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सिर्फ नाम बदलने में लगी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने कैंसर संस्थान, इकाना स्टेडियम और अन्य कई विकास कार्य किए थे, लेकिन भाजपा ने उनका नाम बदलकर उनका श्रेय लेने की कोशिश की।
फीनिक्स पलासियो मॉल पहुंचे अखिलेश
इसके अलावा, उन्होंने अमेरिका में भारतीय नागरिकों को गलत तरीके से प्रताड़ित करने का भी मुद्दा उठाया, जिससे सरकार की कमजोरी सामने आई। फीनिक्स पलासियो मॉल में अखिलेश यादव के साथ उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव, विधानमंडल दल के नेता माता प्रसाद पांडे के साथ कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे।
