जयपुर
जयपुर में प्यार की एक अनोखी कहानी सामने आई है। यह कहानी ज्यादा डरावनी तो नहीं लेकिन हैरान करने वाली है। इस प्रेम कहानी में दो सहेलियां आपस में प्यार करती है। तीन चार साल तक उनका प्रेम इतना प्रगाढ हो जाता है कि दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें खा ली। दोनों को जिंदगीभर साथ रहना था तो शादी के बंधन में बंधना चाहती थी लेकिन चूंकि दोनों लड़कियां थी तो शादी का कदम उठाने से पहले उन्होंने आगे की जिंदगी के बारे में भी सोचा। फिर दोनों ने जो फैसला लिया। उस फैसले को जानकर उनके परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इन लड़कियों का फैसला आपको हैरान कर देगा।
कोचिंग में साथ पढने के दौरान हुआ प्यार
भरतपुर की एक लड़की वर्ष 2017 में प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए जयपुर आई। उसकी छोटी बहन भी साथ थी। उसने एक कोचिंग सेंटर में एडमिशन लिया। सांगानेर में किराए का कमरा लेकर वह प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। पड़ोस मे रहने वाली एक लड़की उसकी सहेली बन गई। दोनों पक्की दोस्त बन गई। यह दोस्ती कब प्यार में बदल गई, यह दोनों को पता नहीं चला। दोनों साथ में रहने लगी। दिनभर एक ही कमरे में रहती। देर रात को अलग अलग होती। बाद में कोरोना के समय लॉक डाउन लगा तो दोनों को अलग अलग होना पड़ा लेकिन वर्ष 2021 में फिर से उनका मेलजोल शुरू हो गया।
एक लड़की ने अपने डॉक्टर जीजा से ली सलाह
समय बीतते बीतते दोनों का प्यार और गहरा होता चला गया। दोनों ने शादी जिंदगी भर साथ रहने का प्लान बनाया। दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें खा ली थी। दोनों ने शादी के बाद की जिंदगी को लेकर काफी विचार किया। लाइफ में आने वाली प्रॉब्लम्स के बारे में जानने की कोशिश की। इसे लेकर लड़की से लड़के बने युवक ने अपने एक डॉक्टर जीजा से भी बातचीत की, जिन्होंने उन्हें जेंडर चेंज की प्रक्रिया समझाई।
लड़की ने कराया जेंडर चेंज, सविता से बन गई ललित
प्यार में डूबी दोनों लड़कियों ने फैसला किया कि दोनों में से एक को जेंडर चेंज कराना है। यानी लड़की से लड़का बनना होगा। बाद में वे शादी कर लेंगी तो भविष्य में उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी। भरतपुर निवासी लड़की ने खुद का जेंडर चेंज करना तय किया। डॉक्टर जीजा से सलाह लेने के बाद वह इंदौर गई। वहां पर एक साल में तीन बार सर्जरी कराई और लड़की से लड़का बन गई। सविता से ललित बनने के लिए उसे 15 लाख रुपए खर्च करने पड़े। हैरानी की बात यह है कि इतना सब कुछ होने के बावजूद भी घरवालों को कानों कान खबर तक नहीं लगी।
आर्य समाज में शादी रचाई और साथ रहने लगे
लिंग परिवर्तन कराने के बाद दोनों ने नवंबर 2024 में शादी रचा ली। दोनों ने आर्य समाज में हिंदु रीति रिवाज के साथ शादी की। शादी से पहले सविता ने अपने सारे दस्तावेजों में अपना नाम भी चेंज करा लिया। यानी सभी दस्तावेजों में वह सविता से ललित बन गया। ललित नाम के दस्तावेज से ही उसने सांगानेर निवासी लड़की से शादी की। शादी के बाद दोनों मथुरा चले गए। वहां पर किराए का मकान लेकर दोनों पति पत्नी की तरह रहने लगे। सविता से ललित बनने के बाद उसने अपने जीजा के मेडिकल कॉलेज में ही सुपरवाईजर की नौकरी करनी शुरू कर दी।
पुलिस लड़की तक पहुंची तो हुआ यह खुलासा
ललित के साथ विवाह करने वाली लड़की 10 जनवरी को घर से कहकर निकल गई कि उसे कोचिंग करनी है। बाद में उसने जब अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया को घरवालों को टेंशन हुई। परिवार वालों ने लड़की की गुमशुदगी रिपोर्ट सांगानेर थाने में दर्ज कराई। पुलिस की टीम लड़की को ढूंढते ढूंढते मथुरा पहुंची। वहां पर उस लड़की और उसके पति जो लड़का बन चुका था, वहां तक पुलिस पहुंच गई। दोनों ने कहा कि वे दोनों पति पत्नी हैं। वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से उन्होंने शादी की है। डॉक्टर जीजा ने पुलिस को पूरी कहानी बताई। सांगानेर थाने के हैड कांस्टेबल बाबूलाल बताते हैं कि लड़की के बयान दर्ज करके पुलिस टीम वापस लौट आई। चूंकि दोनों ने नियमानुसार शादी की है तो ऐसे मामलों में पुलिस दखल नहीं दे सकती।
