लखनऊ
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओम प्रकाश राजभर ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इसके बाद बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने बताया कि उनकी सीएम से क्या बात हुई। इस दौरान राजभर ने मुख्तार अंसारी के बेटे और भगोड़े विधायक अब्बास अंसारी से अपील भी की कि अगर वह उनकी बात सुन रहे हों तो अपने आपको कोर्ट में पेश कर दें। अब्बास अंसारी लंबे समय से फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
बुधवार को लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि उन्होंने योगी आदित्यनाथ से मुलाकात में भर-राजभर को अनुसूचित जाति में शामिल कराने के कोर्ट के फैसले के मुद्दे पर बातचीत की थी। इसके अलावा, भू-माफिया बताकर गरीब लोगों के उजाड़ने के मामले को भी उन्होंने सीएम के सामने उठाया। इसके अलावा उनकी सीएम से कोई बात नहीं हुई। राजभर ने इस दौरान समाजवादी पार्टी पर व्यंग्यात्मक लहजे में निशाना साधा।
सपा पर निशाना
राजभर ने कहा कि मैं किसी भूमाफिया को बचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नहीं मिला हूं। हम समाजवादी पार्टी के नेता नहीं हैं, जो 80-83 मुकदमे हैं और सीएम से जाकर कहें कि हमको बचा लीजिए। राजभर के ‘दोस्त’ मुख्तार अंसारी के बेटे और भगोड़ा विधायक अब्बास अंसारी की फरारी को लेकर जब राजभर से सवाल किया गया तो उन्होंने तपाक से कुछ ऐसा कह दिया, जिससे सब हैरान रह गए।
अब्बास अंसारी से अपील
अब्बास अंसारी सुभासपा से ही विधायक हैं और अवैध हथियार रखने के एक मामले में फरार हैं। लंबे समय से पुलिस उनकी तलाश कर रही है। ऐसे में मीडिया ने जब उनसे कहा कि आप क्यों नहीं अब्बास अंसारी को सरेंडर करने के लिए कहते हैं? तो इस पर राजभर ने कहा कि हम तो आपके माध्यम से फिर से कह रहे हैं कि अब्बास अंसारी जहां कहीं भी हों, अगर मेरी आवाज सुनाई दे तो अपने आपको कोर्ट में हाजिर कर दें।
