नोएडा,
नोएडा के सेक्टर-96 में दो बहनों ने खौफनाक कदम उठाते हुए बिल्डिंग की 11वीं मंजिल से छलांग लगा दी. एक की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि दूसरी बहन दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अब परिजनों से पूछताछ और आगे की जांच चल रही है.
घटना फेस-2 थाना क्षेत्र की है. यहां एक महिला अपनी दोनों बेटियों की शादी कराना चाहती थी. मां का ये कदम बेटियों को रास नहीं आया. बेटियां मां के इस फैसले से काफी नाराज थीं. वो नहीं चाहती थीं कि अभी उनकी शादी हो. इसी के चलते दोनों ने मौत को गले लगाने की कोशिश की और निर्माणाधीन बिल्डिंग की 11वीं मंजिल से छलांग लगा दी. एक लड़की ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. जबकि दूसरी लड़की अस्पताल में जिंदगी मौत की जंग लड़ रही है.
बेटियों के 11वीं मंजिल से छलांग लगाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है. सभी स्तब्ध हैं. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
इससे पहले नोएडा में ही 8 सितंबर को NEET के एग्जाम में फेल होने पर एक लड़की ने आत्महत्या कर ली थी. गुरुवार दोपहर ग्रेटर नोएडा के जेपी अमन सोसायटी से लड़की ने छलांग लगाई थी. नीचे गिरते ही लड़की ने दम तोड़ दिया. सोसायटी के लोगों का कहना था कि लड़की इसी सोसायटी में रहती थी, लेकिन अपने फ्लैट के टॉवर को छोड़कर दूसरे टॉवर में गई और 19वीं मंजिल से कूद गई.
लड़की NEET के एग्जाम में फेल हो गई थी. वह 22 साल की थी. वह डॉक्टर बनने के लिए नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी. परीक्षा में फेल होने के कारण वह मायूस रहने लगी. इस बीच गुरुवार सुबह करीब 11 बजे सोसायटी की 19वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली.
