जैतो (फरीदकोट)। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में चल रहे ‘शानदार चार साल, भगवंत मान दे नाल’ अभियान के तहत रविवार, 5 अप्रैल को जैतो में एक विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है। स्थानीय नई अनाज मंडी में आयोजित होने वाली इस रैली को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान संबोधित करेंगे। इस दौरान वे सरकार के चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेंगे और जैतो क्षेत्र के विकास के लिए नई घोषणाएं भी कर सकते हैं।
15 हजार लोगों के जुटने का दावा, तैयारियां पूरी
रैली की तैयारियों को लेकर जैतो विधायक अमोलक सिंह ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं और जनता में भारी उत्साह है। विधायक के मुताबिक, केवल जैतो विधानसभा क्षेत्र से ही लगभग 15 हजार लोग इस रैली में शामिल होंगे। इसके लिए मंडी में एक भव्य पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें 10 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं।
अमोलक सिंह ने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग भीड़ को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वे कल खुद अपनी आंखों से जनसैलाब देख लेंगे। चार साल का रिपोर्ट कार्ड और नई सौगात की उम्मीद मुख्यमंत्री इस मंच से अपनी सरकार की प्रमुख उपलब्धियां जैसे— 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 65 हजार सरकारी नौकरियां, मोहल्ला क्लीनिक और ’30 दिन तकसीम’ जैसी योजनाओं का जिक्र करेंगे।
किसी बड़ी परियोजना की दे सकते हैं नई सौगात
माना जा रहा है कि जैतो की जनता को मुख्यमंत्री लंबे समय से लंबित किसी बड़ी परियोजना या बुनियादी ढांचे से जुड़ी नई सौगात दे सकते हैं। विधायक ने दावा किया कि यह सौगात ऐसी होगी जो पिछली सरकारों ने दशकों में नहीं दी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अधिकारियों ने लिया जायजा वीआईपी दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अमला भी पूरी तरह मुस्तैद है। फरीदकोट की डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर और एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया है। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रैली के दौरान यातायात प्रबंधन और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
