नोएडा
नोएडा की एक पॉश सोसाइटी में महिला के साथ गालीगलौच और धक्कामुक्की करने का आरोपी श्रीकांत त्यागी सुर्खियों में आ गया है। भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़े हुए बताए जा रहे श्रीकांत त्यागी की एक महिला के साथ अतिक्रमण को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान त्यागी ने भद्दी गालियों की बरसात करते हुए हाथ भी उठाने की कोशिश की। हालांकि बीजेपी ने श्रीकांत त्यागी से पल्ला झाड़ते हुए किसी भी सदस्यता को लेकर सिरे से इनकार किया है। इस बीच पुलिस ने आरोपी पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। श्रीकांत का विवादों के साथ पुराना नाता है। ढाई साल पहले लखनऊ में श्रीकांत त्यागी की पत्नी ने उन्हें गर्लफ्रेंड के साथ रंगेहाथों पकड़ा था, जिसपर जमकर हंगामा हुआ था।
साल 2020 के फरवरी महीने में लखनऊ के एक थाने में बैठे श्रीकांत त्यागी की खबर भी मीडिया की हेडलाइंस बनी थी। उनके साथ पत्नी और गर्लफ्रेंड भी थीं। उन लोगों में मारपीट भी हुई थी। गोमतीनगर विस्तार के ग्रीनवुड अपार्टमेंट में श्रीकांत त्यागी के फ्लैट से महिला मित्र को उतरता देख उनकी पत्नी और बच्चे आग-बबूला हो गए। इस दौरान कथित रूप से दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक और मारपीट भी हुई। गोमतीनगर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। थाने पर देर रात तक हंगामा होता रहा। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
उस समय के गोमतीनगर थाना प्रभारी प्रमेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक नोएडा निवासी और बीजेपी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य श्रीकांत त्यागी ने गोमतीनगर विस्तार स्थित ग्रीनवुड अपार्टमेंट में किराए पर फ्लैट ले रखा था। उनकी पत्नी रात में बच्चों के साथ फ्लैट पर पहुंच गईं। पति के फ्लैट से उनकी महिला मित्र को उतरता देख उन्होंने आपत्ति जताई। त्यागी की पत्नी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पति की महिला मित्र ने उन्हें और बच्चों को पीट दिया। सबके सामने उनके कपड़े खींचे और मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया। बच्चों के शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
‘गनर की धौंस और रेप की धमकी’
वहीं, श्रीकांत त्यागी की महिला मित्र ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि वह रात में अपार्टमेंट में टहल रही थी। इसी बीच श्रीकांत त्यागी की पत्नी अपनी सहयोगी के साथ वहां पहुंचीं। दोनों ने गालीगलौच करते हुए उन्हें पीटना शुरू कर दिया, जिसकी वजह से बीजेपी नेता की महिला मित्र के सिर में गंभीर चोट लग गई। मारपीट में उनका मोबाइल टूट गया। बीजेपी नेता की महिला मित्र का कहना है कि दूसरे पक्ष को पुलिस गनर मिला हुआ है, इसलिए वह गनर की धौंस दे रही थीं। उन्होंने रेप की धमकी भी दी।
आधी रात तक हुई थी ड्रामेबाजी
दोनों महिलाओं के बीच हुए विवाद के चलते अपार्टमेंट के लोग अपने-अपने फ्लैट से बाहर निकल आए। इस बीच कंट्रोल रूम पर फोन करके पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची यूपी- 112 की पीआरवी दोनों पक्षों को गोमतीनगर थाने ले गई। गोमतीनगर विस्तार महासमिति के पदाधिकारी और सोसायटी के अन्य लोग भी थाने पहुंच गए। इसके बाद थाने में देर रात तक हंगामा चलता रहा।
श्रीकांत ने बताई थी विरोधियों की साजिश
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों से कई रसूखदार लोगों के फोन पैरवी के लिए पहुंचने लगे। दोनों पक्षों की तरफ से दबाव बनाया जाने लगा। वहीं, इस पूरे मामले में बीजेपी नेता श्रीकांत त्यागी का कहना है कि उनके विरोधियों ने बदनाम करने के लिए यह सब कराया है। दोनों परिवारों में मित्रता है। दोनों पक्षों के बीच कोई विवाद नहीं है। बच्चों के बीच का विवाद था। उनका कहना है, ‘मेरी पत्नी का किसी से अब कोई विवाद नहीं है। जो भी आरोप लगे हैं, सब गलत हैं।’
अब क्यों चर्चा में श्रीकांत त्यागी?
श्रीकांत त्यागी को एक महिला से गाली-गलौज तथा हाथापाई की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। यह मामला नोएडा के सेक्टर 93-बी में ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी का है। आरोप है कि त्यागी यहां अवैध कब्जा कर निर्माण की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सोसाइटी के ग्रीन बेल्ट में 20 से ज्यादा पेड़ लगाए, जिससे यह एक निजी संपत्ति की तरह लग रहा था। सोसाइटी में रहने वाली एक महिला ने जब इस पर विरोध जताया तो त्यागी ने उनके साथ बदतमीजी की। उन्होंने महिला और उनके पति को अपशब्द कहे। इतना ही नहीं, त्यागी ने महिला के साथ हाथापाई की भी कोशिश की।
